सीधी जिले के 43 मजदूर बुधवार को सकुशल पहुँचेंगे अपने घर


सीधी जिले के 43 मजदूर बुधवार को सकुशल पहुँचेंगे अपने घर


सीधी पुलिस प्रशासन की मेहनत से हुई वापसी
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिला एवं पुलिस प्रशासन को दी बधाई
 


भोपाल : मंगलवार, फरवरी 9, 2021, 21:39 IST

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सीधी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को बधाई दी है, जिनके प्रयासों से तेलांगना में फँसे सीधी जिले के आदिवासी समुदाय के 43 मजदूरों की सकुशल घर वापसी हुई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सीधी प्रशासन द्वारा की गई सजग कार्यवाही के लिये शुभकामनाएँ भी दीं।

पुलिस अधीक्षक, सीधी श्री पंकज कुमावत ने बताया है कि मझौली थाना के ग्राम करमई के रहने वाले आदिवासी समुदाय के 43 मजदूर तेलंगाना के वानापर्थी जिले में मजदूरी करने गये थे और वहीं फँस कर रह गये। जानकारी मिलने पर मजदूरों और ठेकेदारों से सम्पर्क किया गया। जानकारी मिली कि इन मजदूरों की लोकेशन बार-बार बदल रही है, कभी महाराष्ट्र, कभी हैदराबाद तो कभी कर्नाटक में मजदूरों की लोकेशन मिलती रही। अंतत: तेलांगना के वानापर्थी जिले में मजदूरों की लोकेशन की पुष्टि हुई। पुलिस अधीक्षक वानापर्थी से सम्पर्क कर मजदूरों की सकुशल वापसी सुनिश्चित की गई है। इसके लिये सीधी पुलिस का एक दल वानापर्थी भेजा गया। पुलिस अधीक्षक वानापर्थी के सहयोग से सभी 43 मजदूरों को वानापर्थी से 150 किलोमीटर दूर सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन तक पुलिस बस द्वारा पहुँचाया गया। सभी मजदूर मंगलवार 9 फरवरी को ट्रेन से रवाना हो चुके हैं और बुधवार 10 फरवरी को सुबह सतना रेलवे स्टेशन पहुँचेंगे। कलेक्टर सीधी द्वारा की गई एक विशेष बस की व्यवस्था से मजदूरों को सतना से सीधी लाया जायेगा। इनमें 14 पुरुष, 11 महिलाएँ तथा 17 बच्चे शामिल हैं, सभी की घर वापसी सुनिश्चित की गई है।


मुकेश मिश्रा/अलूने


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here