RSS के नेता डॉ. दीप चटर्जी के पोस्ट पर बीजेपी की अंतर्कलह सामने आई.
छत्तीसगढ़ में आरएसएस नेता के सोशल मीडिया पोस्ट पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ताओं ने घर में घुसकर किया हंगामा. थाने में रिपोर्ट दर्ज न होने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन.
भिलाई के स्मृति नगर क्षेत्र में रविवार को जो कुछ भी हुआ, उसने छत्तीसगढ़ भाजपा के अंतर्कलह को पूरी तरह से सामने ला दिया. पार्टी कार्यकर्ता ही भाजपा के दुश्मन बन बैठे. यही वजह थी कि पार्टी के कुछ नेताओं के नाम को लेकर उन्होंने थाना परिसर में जमकर अपना आक्रोश व्यक्त किया. यह पूरा मामला आरएसएस के डॉ. दीप चटर्जी के घर पर हुए हमले से जुड़ा था. बीजेपी कार्यकर्ताओं के हमले से दहशत में आकर डॉ. दीप चटर्जी जब रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंचे तो उनका मामला दर्ज नहीं किया गया. इस पर भाजपा का एक धड़ा थाने पहुंचे और FIR करने की मांग को लेकर हंगामा करने लगा.
सोशल मीडिया पोस्ट से मचा था बवाल
दरअसल, यह पूरा मामला भाजपा के दो बड़े नेताओं के बीच का है, जिसमें से एक पक्ष से डॉ. दीप ताल्लुख रखते हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं. साथ ही भाजपा कार्यालय निर्माण के लिए दी गई राशि भी वापस मांगी थी. डॉ. दीप चटर्जी के सोशल मीडिया पोस्ट की बातें भाजपा के कुछ लोगों को बुरी लगी. इसलिए उनके घर पर रविवार को हमला कर उन्हें जान से मारने की धमकी तक दी गई. इसके बाद जब डॉ. दीप थाने पहुंचे और वहां उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई, भाजपा का दूसरा धड़ा हंगामा करने पहुंच गया.इधर, थाने में जब बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई तो पुलिस ने बीच-बचाव किया. मामले को लेकर सीएसपी छावनी विश्वास चंद्राकर ने न्यूज 18 को बताया कि संबंधित पक्ष का आवेदन लेकर जांच की जाएगी. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, आरएसएस के नेता श्रीनिवास खेड़िया ने कहा कि पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ बीजेपी नेता व कार्यकर्ता एकजुट हैं. जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, तब तक प्रदर्शन करेंगे.

