नई दिल्ली: अब हम आपको एक ऐसे टाइगर के बारे में बताएंगे जो आपकी निराशा मिटा कर जीवन में मुश्किलों से लड़ने की प्रेरणा देगा. दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गोल्फ खिलाड़ी टाइगर वुड्स एक गंभीर दुर्घटना के शिकार हुए हैं. ये दुर्घटना अमेरिका के लॉस एंजिल्स में हुई. जहां टाइगर वुड्स की कार डिवाइडर से टकरा गई. कार की रफ़्तार तेज़ थी इसलिए डिवाइडर से टक्कर के बाद गाड़ी पलटते हुए काफ़ी दूर तक चली गई.
कार के शीशों को तोड़कर बाहर निकले टाइगर वुड्स
टाइगर वुड्स बड़ी मुश्किल से कार के शीशों को तोड़ कर बाहर निकलने में कामयाब हुए और इस दुर्घटना में उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं. अब अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.
मजबूत इच्छाशक्ति और साहस
हालांकि दोनों पैरों की सर्जरी के बाद टाइगर वुड्स तेजी से रिकवर कर रहे हैं और इसके पीछे उनकी मजबूत इच्छाशक्ति और साहस है.
हमें पूरी उम्मीद है कि वुड्स जल्द ही इस जख्म से उबर जाएंगे क्योंकि, यही उनकी पहचान रही है. 45 वर्ष के टाइगर वुड्स गोल्फ के मैदान में तो चैंपियन रहे ही हैं, निजी जिंदगी में भी बाधाओं को उन्होंने जीता है.
5 बार हो चुकी है सर्जरी
पहले भी अपनी जिंदगी में आई परेशानियों से निकल कर उन्होंने सबको हैरान किया है. पीठ दर्द के इलाज के लिए पांच बार उनकी सर्जरी हो चुकी है. ये बात साल 2014 की है. जब सबको लग रहा था कि अब वुड्स शायद ही गोल्फ के मैदान में वापसी कर पाएंगे, लेकिन उन्होंने न सिर्फ वापसी की, बल्कि फिर से चैंपियन भी बने.
उनके घुटने की भी दो बार सर्जरी हो चुकी है. हालांकि शरीर से जुड़ी गंभीर परेशानियों के बावजूद वुड्स के रिकॉर्ड्स बताते हैं कि वो सही मायनों में असली टाइगर हैं.

