खार्तूम: विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग (Emergency Landing) की खबरें सामने आती रहती हैं. कभी इसके पीछे टेक्निकल प्रॉब्लम होती है, तो कभी कुछ और वजह. लेकिन सूडान (Sudan) में एक विमान को आक्रमक बिल्ली (cat) के चलते उड़ान के कुछ देर बाद वापस लौटना पड़ा. राजधानी खार्तूम (Khartoum) के हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली फ्लाइट (Flight) में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब विमान में मौजूद बिल्ली ने पायलट (Pilot) पर हमला बोल दिया. इसके बाद पायलट के पास विमान को वापस उतारने के अलावा कोई विकल्प नहीं था.
काबू में नहीं आई Cat
स्थानीय मीडिया हाउस अल-सुदानी की रिपोर्ट के मुताबिक, खार्तूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Khartoum International Airport) से टेक-ऑफ के लगभग डेढ़ घंटे के बाद अचानक से विमान में मौजूद एक बिल्ली कॉकपिट (Cockpit) में दाखिल हो गई और उसने पायलट पर हमला बोल दिया. बिल्ली बेहद डरी हुई थी, इस वजह से वह लगातार आक्रमक होती जा रही थी. केबिन क्रू के सदस्यों ने बिल्ली को काबू में करने की बहुत कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे. जिसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई.
Flight में पहुंची कैसे?
सूडान की तारको एयरलाइन (Tarco airline) का यह कमर्शियल विमान कतर की राजधानी दोहा के लिए रवाना हुआ था. रिपोर्ट के अनुसार, बिल्ली के हमले में किसी को चोट नहीं आई है, लेकिन बिल्ली का आक्रमक रूप देखकर सभी डर गए थे और वह किसी की भी पकड़ में नहीं आ रही थी. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर बिल्ली विमान में पहुंची कैसे? वैसे, माना जा रहा है कि सफाई या इंजीनियरिंग समीक्षा के लिए जब विमान खोला गया होगा, तब शायद बिल्ली अंदर चली गई हो.
कोई और Option नहीं था
स्थानीय रिपोर्टों में कहा गया है कि विमान को खार्तूम हवाईअड्डे पर एक हैंगर में खड़ा किया गया था. संभव है कि इसी हैंगर से बिल्ली किसी तरह विमान में पहुंच गई हो. फिलहाल मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. वहीं, केबिन क्रू सदस्यों का कहना है कि बिल्ली एकदम से कॉकपिट में दाखिल हुई और आक्रमक हो गई. उसने एक तरह से पूरे कॉकपिट को हाईजैक कर लिया था. जिसके बाद विमान की वापस नीचे उतारने के सिवा कोई विकल्प नहीं था.

