नई दिल्ली: भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं के चतुष्कोणीय गठबंधन यानी क्वाड (QUAD) ढांचे के तहत पहला शिखर सम्मेलन ऑनलाइन प्रारूप में 12 मार्च को आयोजित होगा. ये सम्मेलन हिंद-प्रशांत (Indo-Pacific) क्षेत्र में चीन (China) के बढ़ते प्रभाव के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने के प्रयास के तहत होगा. विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘इस दौरान सभी नेता साझा हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे. इस दौरान मुक्त, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बनाए रखने की दिशा में सहयोग के व्यावहारिक क्षेत्रों पर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा.’
कोरोना काल में अहम आयोजन
विदेश मंत्रालय (MEA) ने अपने बयान में कहा, ‘पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) इस सम्मेलन में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन (Scott Morrison) और जापानी पीएम योशिहिदे सुगा (Yoshihide Suga) और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन (Joe Biden) के साथ हिस्सा लेंगे.’ क्वाड रूपरेखा के तहत हो रही इस पहली समिट के दौरान वर्तमान चुनौतियों जैसे सप्लाई चेन, अहम टेक्नॉलजी, समुद्री सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन पर भी विचारों का आदान-प्रदान होगा.
ये भी पढ़ें- सवालों से झल्लाए थाईलैंड के PM, पत्रकारों पर कर दिया सैनिटाइजर का छिड़काव
संगठन के नेता कोरोना महामारी को हराने के लिए हो रही कोशिशों पर चर्चा करेंगे. इसी के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षित, समान वितरण और किफायती टीका सुनिश्चित करने में सहयोग के अवसरों का पता लगाया जाएगा.
क्या है क्वाड?
क्वाड का मतलब है क्वाड्रीलेटरल सिक्योरिटी डायलॉग इसमें चार देश यानी भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका शामिल हैं. इसका मुख्य उद्देश्य एशिया-प्रशांत क्षेत्र में शांति की स्थापना करना और शक्ति का संतुलन बनाना है. साल 2007 में जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो अबे (Shinzo Abe) ने क्वाड का प्रस्ताव रखा था, जिसका भारत, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया ने समर्थन किया था. 2019 में इन देशों के विदेश मंत्रियों की पहली बैठक हुई थी.
LIVE TV


