वॉशिंगटन: कैब ड्राइवरों (Cab Drivers) के दुर्व्यवहार की खबरें तो अक्सर सामने आती रहती हैं, लेकिन अमेरिका (America) में एक ड्राइवर को महिला यात्रियों (Female Passengers) की बदमिजाजी का सामना करना पड़ा. ड्राइवर का कसूर महज इतना था कि उसने महिलाओं से मास्क (Mask) लगाने को कहा था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और देखने वाला हर शख्स महिला यात्रियों की आलोचना कर रहा है. वहीं, वीडियो वायरल (Viral Video) होने के बाद सैन फ्रांसिस्को पुलिस ने हरकत में आते हुए एक आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है.
ड्राइवर का Mobile छीनने की कोशिश
सैन फ्रांसिस्को में टैक्सी चलाने वाले Uber ड्राइवर शुभाकर (Subhakar) ने महिला यात्रियों की हरकतों को कैमरे में कैद कर लिया था, जिसके चलते पुलिस एक आरोपी तक पहुंच सकी. शुभाकर का कहना है कि उन्होंने टैक्सी में सवार तीनों महिलाओं से मास्क (Mask) पहनने की गुजारिश की थी, लेकिन उन्होंने न केवल इससे इनकार किया बल्कि बदसलूकी करने लगीं. एक महिला ने शुभाकर के चेहरे पर जोर से खांसना शुरू दिया और फिर उनका मास्क भी उतार दिया. आरोपी ने ड्राइवर का मोबाइल छीनने की कोशिश भी की.
ये भी पढ़ें -लड़की को मुक्का मारने के आरोपी Zomato डिलिवरी बॉय ने दी सफाई, बताई उस दिन की पूरी कहानी
Passenger ने खुद को बताया Corona Positive
शुभाकर के मुताबिक, जब उन्होंने मास्क लगाने को कहा, तो एक महिला ने खुद को कोविड पॉजिटिव बताते हुए जमकर हंगामा मचाना शुरू कर दिया. 32 वर्षीय ड्राइवर ने बताया कि उसके साथ अभद्रता करने के बाद जब सभी महिलाएं टैक्सी से बाहर निकलीं, तब उनमें से एक ने खिड़की से गाड़ी के अंदर पेपर स्प्रे का छिड़काव किया जिससे उसका दम घुटने लगा और उसे सांस लेने में दिक्कत हुई. इस घटना के वीडियो को एक महिला पत्रकार ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है.
Company ने सभी को किया बैन
वहीं, उबर के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी सभी महिला पैसेंजर्स को हमेशा के लिए बैन कर दिया गया है. कंपनी ने कहा कि इस तरह का व्यवहार पूरी तरह से अस्वीकार्य है और हमारे सामुदायिक दिशानिर्देशों के खिलाफ है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने ड्राइवर पर हमला करने वाली महिला यात्री को गिरफ्तार कर लिया है. गौरतलब है कि अमेरिका में भी कोरोना के कहर के चलते मास्क लगाने पर जोर दिया जा रहा है. जिसके तहत उबर ने पैसेंजरों के लिए मास्क की अनिवार्यता का नियम बनाया है.

