वॉशिंगटन: अमेरिकी के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) जल्द ही सोशल मीडिया पर वापसी कर सकते हैं. बताया जा रहा है कि वह अपनी खुद की साइट के जरिए सोशल मीडिया (Social media) पर वापसी की राह खोज रहे हैं. यह खुलासा किसी और ने नहीं बल्कि लंबे वक्त से उनके सीनियर एडवाइजर रहे जेसन मिलर ने किया है.
फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में मिलर ने कहा कि मुझे लगता है कि हम शायद अगले 2-3 महीने में पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप को फिर से सोशल मीडिया पर देख पाएंगे और ऐसा उनके अपने प्लेटफॉर्म के जरिए होने वाला है. उन्होंने दावा किया है कि नया प्लेटफॉर्म ‘सोशल मीडिया के खेल’ को पूरी तरह पलट कर रख देगा.
‘लोगों को अपनी ओर खींचते हैं ट्रंप’
पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप की चुनावी कैंपेन के प्रवक्ता रह चुके मिलर ने कहा कि ट्रंप अपनी डिजिटल मौजूदगी से करोड़ों लोगों को अपने साथ जोड़ने की क्षमता रखते हैं. साथ ही वह कई लोगों को आकर्षित भी कर सकते हैं. इस नए प्लेटफॉर्म के जरिए ट्रंप के करोड़ों लोगों के साथ जुड़ने का दावा भी किया जा रहा है.
मिलर ने ट्रंप के नए प्लान के बारे में ज्यादा जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा कि एक बात साफ है कि इस प्रक्रिया में लंबा वक्त लगा है और अब कुछ बहुत बड़ा होने वाला है.
ये भी पढ़ें: महाभियोग से बरी हुए Donald Trump, बरी होने पर कह दी ये बड़ी बात
अमेरिका के राष्ट्रपति रहने के दौरान और उसके बाद ट्रंप माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्वविटर (Twitter) पर काफी एक्टिव रहते थे. लेकिन 6 जनवरी को कैपिटल हिल हिंसा (Capitol building) के बाद से ट्विटर ने उनके अकाउंट को स्थाई तौर पर बंद कर दिया था. ट्विटर ने ट्रंप पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाते हुए उनका अकाउंट बंद किया था. हालांकि इस फैसला का उनके समर्थकों ने जमकर विरोध किया और इसे अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला करार दिया गया था.
यहां देखें लाइव टीवी

