नक्सली घटना पर सीआरपीएफ के डीजी ने कहा- देंगे मुंहतोड़ जवाब. (सांकेतिक तस्वीर)
बीजापुर में नक्सली मुठभेड़ में 22 जवानों के शहीद होने के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के डीजी ने मीडिया से की बातचीत. नक्सल प्रभावित इलाकों में माओवादियों के खिलाफ स्ट्राइक-बैक की रणनीति अपनाने पर किया जा रहा विचार.
सीआरपीएफ के डीजी कुलदीप सिंह ने कहा कि बीजापुर मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों की ओर से माओवादियों को करारा जवाब दिया जाएगा. माओवादियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस उनकी मांद में घुसेगी और बड़ी कार्रवाई करेगी. सीआरपीएफ के डीजी ने कहा कि जमीन से लेकर आसमान तक की कार्रवाई कर माओवादियों को नेस्तनाबूत करने तक यह ऑपरेशन चलेगा. उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ के अलावा पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ समेत अन्य सभी बलों के साथ तालमेल बिठाकर यह कार्रवाई की जाएगी.
इधर, सीआरपीएफ के डीजी ऑपरेशन अशोक जुनेजा ने न्यूज 18 के साथ बातचीत में कहा कि माओवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा. सुरक्षाबल के जवान अपने साथियों की शहादत का बदला लेंगे. इसके लिए छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में बड़ा ऑपरेशन चलाए जाने का उन्होंने भी संकते दिया. आपको बता दें कि शनिवार को तरेम थानाक्षेत्र इलाके में नक्सली और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ के दौरान जहां कई नक्सली मारे गए, वहीं 22 जवान शहीद हो गए. जवानों की शहादत पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देशभर के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है. इस मुठभेड़ में कुल 31 जवानों को गोली लगी, वहीं एक जवान अभी लापता है.

