जिस इलाके में जवानों ने मोर्चा लिया था वह माओवादियों के गढ़ कहलाता है: सीएम भूपेश बघेल
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) के साथ जगदलपुर में हाई लेवल मीटिंग के बाद बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि हमारे जवानों ने पूरी दमदारी से माओवादियों को मुकाबला किया.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सबसे पहले सुकमा-बीजापुर बॉर्डर पर हुए नक्सली हमले में जान गंवाने वाले 14 सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी. इसके बाद दोनों नेताओं ने एक हाई लेवल मीटिंग में हिस्सा लिया, जिसमें आईबी, सीआरपीएफ और राज्य पुलिस के आला अधिकारी भी मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कही यह बात
मीटिंग खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा. हमारे जवान 4 घंटे तक बहादुरी के साथ माओवादियों से मुकाबला करते रहे. साथ ही सीएम ने कहा कि हमने मिनपा की घटना से आगे बढ़कर ये लड़ाई लड़ी है और इस दौरान माओवादियों को भारी नुकसान हुआ है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आगे कहा कि जिस इलाके में जवानों ने मोर्चा लिया था वह माओवादियों के गढ़ कहलाता है. इसके साथ उन्होंने बताया कि इस मीटिंग के दौरान केंद्र सरकार के साथ राज्य के विकास कार्यों को लेकर सार्थक चर्चा हुए है.यह भी पढ़ें- Chhattisgarh Maoist Attack: सामने आए बीजापुर मुठभेड़ में शहीद जवानों के नाम, यहां देखें पूरी लिस्ट
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुबह करीब 10: 35 बजे दिल्ली से सीधे जगदलपुर पहुंचे थे. इसके बाद उन्होंने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ एक मीटिंग की. इसके बाद वह रायपुर जाएंगे और कई अस्पतालों में भर्ती जवानों का हालचाल लेंगे. फिर शाम को वह दिल्ली रवाना हो जाएंगे. इस दौरान सीएम भूपेश बघेल उनके साथ रहेंगे.
बता दें कि इस मुठभेड़ में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के आठ, कोबरा बटालियन के नौ, एसटीएफ के छह और बस्तर बटालियन का एक जवान शहीद हुआ है.

