Chhattisgarh News In Hindi : Alarm will ring as soon as the train is parked in the stop line, the announcement will be made – please reverse the car | स्टॉप लाइन में गाड़ी खड़ी होते ही बजेगा अलार्म, अनाउंस होगा- कृपया गाड़ी पीछे करें

  • रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने तैयार किया देश का पहला स्मार्ट स्टॉपिंग सिस्टम, प्रयोग हुआ सफल 
  • स्मार्ट जैकेट के बाद पुलिस का नया प्रयोग, कराया जाएगा कॉपी राइट

Dainik Bhaskar

Feb 03, 2020, 03:08 AM IST

रायपुर . शहर के चौक-चौराहों पर बने स्टॉप लाइन पर अगर कोई गाड़ी खड़ी होगी तो अलार्म बजना शुरू हो जाएगा। मशीन गाड़ी वाले से अपील करेगी कि कृपा गाड़ी पीछे करें। जब तक गाड़ी स्टाप लाइन से नहीं हटेगी, तब तक अलार्म बजता रहेगा। लोगों में ट्रैफिक जागरूकता के लिए रायपुर पुलिस ने स्मार्ट स्टॉपिंग सिस्टम बनाया है। देश में इस तरह का यह पहला सिस्टम होगा। इसका रविवार को एसआरपी चौक (भगत सिंह) पर प्रयोग किया गया, जो सफल रहा। 

लेजर लाइट और सेंसर से चलता है सिस्टम
स्मार्ट स्टॉपिंग सिस्टम लेजर लाइट और सेंसर से चलता है। यह सिस्टम सिग्नल रेड होने पर ही काम करता है। चौक पर स्टाप लाइन के एक सिरे से दूसरे सिरे पर लेजर लाइट होती है। इससे स्टॉप लाइन पर लाल रंग की लेजर लाइट दिखाई देती है। स्टॉप लाइन पर जैसे ही गाड़ी लेजर लाइट से टच होती है, अलार्म बजना शुरू हो जाता है। सिग्नल में चारो ओर छोटे-छोटे स्पीकर लगे हुए हैं, जो बजने लगते हैं। इसमें एक वाइस मैसेज लोड किया गया है, जो बार-बार लोगों को स्टाप लाइन से हटने के लिए निवेदन करता है। 

सिस्टम तैयार करने में 15 हजार की लागत
ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर ने खुद स्मार्ट स्टॉपिंग सिस्टम बनाया है। इस सिस्टम को तैयार करने में 15 हजार खर्च आया है। बड़े पैमाने पर इसका निर्माण करने पर लागत कम हो जाएगा। इसके लिए दिल्ली से लेजर लाइट, सेंसर सिस्टम, स्पीकर, रीले, लाइट समेत कुछ अन्य सामान मंगाया गया है। यह बिजली अौर बैटरी से चलेगा। बारिश, धूप और ठंड का सिस्टम में कोई अक्सर नहीं पड़ेगा। हर महीने सिर्फ उसका मेंटेनेंस करना होगा। प्रयोग के लिए अभी एक ही सिस्टम बनाया गया है। जल्द ही शहर के 20 चौक पर इसे लगाया जाएगा। रायपुर पुलिस इस सिस्टम को कॉपी राइट कराने वाली है। ज्ञात हो कि इससे पहले डीएसपी ठाकुर ने देश का पहला स्मार्ट ट्रैफिक जैकेट बनाया है, जो ट्रैफिक सिग्नल की तरह चलता है। उसमें लाल, हरा और पीला लाइट लगा हुआ है।

देश में कहीं नहीं ऐसा सिस्टम : पुलिस का दावा है कि देश में कहीं भी ऐसा सिस्टम नहीं है। इस सिस्टम के लगे से लोगों में ट्रैफिक के प्रति जागरूकता आएगी। लोग सिग्नल रेड होने पर स्टाप लाइन के पीछे गाड़ी खड़ी करेंगे। इससे उनके गाड़ी का चालान नहीं होगा। क्योंकि अभी सिग्नल रेड होने पर लोग स्टॉप लाइन काे पार करके जेब्रा क्रॉसिंग में गाड़ी खड़ी करते हैं। इससे पैदल यात्रियों के लिए चलने की जगह नहीं होती है। वे बीच चौक से सड़क पार करते हैं।


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here