दुर्ग. क्रिकेट और ओलंपिक के खेलों पर हाईटेक तरीके से चल रहे सट्टे का पुलिस ने भांडाफोड़ा है. शहर के स्मृति नगर क्षेत्र में पुलिस ने छापा मारकर तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया है. वहीं इनका मुख्य सरगना जितेंद्र पंडित ऊर्फ काले अभी भी फरार बताया जा रहा है. वहीं बताया जा रहा है कि पकड़े गए तीनों सटोरिए छात्र हैं और स्मृति नगर में ही किराए का मकान लेकर सट्टे का कारोबार चला रहे थे. तीनों रूंगटा इंजीनियरिंग कॉलेज में ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग के छात्र हैं. तीनों आरोपी हाईटेक तरीके से सट्टे का करोबार चला रहे थे.
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से चार मोबाइल, फाइबर नेट के कनेक्शन के साथ ही पेटीएम में 2.38 लाख रुपये और अन्य तरीकों से 8.68 लाख का अन्य हिसाब मिला है. अब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
इंग्लैंड-इंडिया के मैच पर लगा रहे थे सट्टा
पुलिस ने बताया कि स्मृति नगर के मकान में जब दबिश दी गई तब अश्विनी कुमार पांडे, तेजस पांडे और अतुल पटेल इंडिया बनाम इंग्लैंड के मैच पर सट्टा लगाने का काम कर रहे थे. तीनों ही हाईटैक तरीके से एक सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर ये काम कर रहे थे. लोगों को ऑनलाइन आईडी भेजकर वे लोग ये काम करवा रहे थे. बताया जा रहा है कि करीब 63 यूपीआई अकाउंट के माध्यम काले के बताए अकाउंट में रकम भी ट्रांसफर की गई है.
हजारों लोगों को जोड़ रखा था
पुलिस के अनुसार तीनों सटोरियों ने टेलीग्राम एप के माध्यम से करीब 14 हजार लोगों को जोड़ रखा था और इन सभी को सट्टा खिलवाया जा रहा था. अब पुलिस सभी लोगों की जांच कर रही है. साथ ही ये पता लगाने की भी कोशिश में है कि इस पूरे रैकेट के पीछे और कोई बड़ा हाथ तो नहीं है. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन और देखें Live TV News18 हिंदी की वेबसाइट पर. जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश, बॉलीवुड, खेल जगत, बिज़नेस से जुड़ी News in Hindi.
Source link


