रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार ने लगातार 13 दिन तक शराब की दुकानें बंद करने का निर्णय लिया है. गरियाबंद जिले के राजिम में लगने वाले माघी पुन्नी मेला स्थल के आसपास की सभी शराब की दुकानें बंद करने के निर्देश दिए गए हैं. 16 फरवरी से 1 मार्च तक शराब की दुकानें इस क्षेत्र में बंद रहेंगी. राज्य सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुरूप वर्ष 2022 में आयोजित होने वाले राजिम माघी पुन्नी मेला के दौरान राजीम मेला क्षेत्र के आसपास की छह देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानें 16 फरवरी से 01 मार्च तक बंद रहेंगी.
राजिम की इन शराब की दुकानों को बंद करने के आशय का आदेश मंत्रालय महानदी भवन स्थित वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग द्वारा जारी कर दिया गया है. इसमें गरियाबंद, धमतरी और रायपुर जिले के कलेक्टर को इस आदेश को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं. वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार राजिम माघी पुन्नी मेला के दौरान राजिम मेला क्षेत्र के आसपास की देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानें बंद रहेंगी.
इन दुकानों को बंद करने का आदेश
शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक देशी-विदेशी मदिरा दुकान राजिम (बाह्य) जिला गरियाबंद, देशी-विदेशी मदिरा दुकान गोबरा नवापारा, जिला रायपुर और देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान मगरलोड जिला धमतरी कुल 06 देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानें 16 फरवरी से 1 मार्च 2022 तक बंद रहेंगी. बता दें कि कोरोना संक्रमण की पहली लहर के दौरान अप्रैल 2020 के अंतिम सप्ताह से करीब 2 महीने तक लगातार शराब की दुकानों को बंद रखा गया था. इसके बाद ये पहला मौका है, जब लगातार 13 दिन तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी.
आपके शहर से (गरियाबंद)
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Liquor business, Raipur news
Source link












