दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी में हुई चार लोगों की हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया कि कुम्हारी थाना क्षेत्र के कपसदा गांव में भोलानाथ यादव (34), उसकी पत्नी नैला यादव (30), बेटा परमद यादव (12) और बेटी मुक्ता यादव (सात) की हत्या भोलानाथ यादव के भाई किस्मत यादव तथा उसके दो दोस्तों आकाश मांझी और टीकम दास घृतलहरे ने की थी. सभी को गिरफ्तार किया जा चुका है. पल्लव ने बताया कि भोलानाथ और उसके परिवार की हत्या स्त्रियों से अवैध संबंध से उपजे विवाद और पैसों के लेन-देन के कारण हुई है. तीनों आरोपियों ने बड़ी बेरहमी से इस हत्याकांड को अंजाम दिया था.
हत्याकांड का मास्टरमाइंड मृतक का छोटा भाई ही निकला, जिसने अपने दो अन्य साथियों के साथ शराब पार्टी के बाद अपने भाई और उसके पूरे परिवार को मौत के घाट उतार दिया. पल्लव ने बताया कि 29 सितंबर को सुबह टंडन बाड़ी में यादव परिवार की हत्या की जानकारी मिली थी. सूचना मिलने पर आनन-फानन में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया और मामले की जांच शुरू की गई. पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की तब जानकारी मिली कि घटना के बाद से गांव के दो व्यक्ति आकाश मांझी और टीकम दास धृतलहरे कहीं चले गए हैं. पुलिस ने जब दोनों की खोज शुरू की तब जानकारी मिली कि दोनों ओडिशा में हैं. दूसरी ओर पुलिस जब गांव में ही रहने वाले भोलानाथ के भाई किस्मत यादव के घर पहुंची तब उसके घर की चौखट पर खून के निशान थे और करीब ही मानव शरीर का हिस्सा पाया गया. जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तब किस्मत ने कबूल किया कि दोस्तों के साथ मिलकर उसने अपने भाई और उसके परिवार सदस्यों की हत्या कर दी.
बड़े भाई से मोहनी मंत्र फुंकवाने के लिए मांगे थे पैसे
पल्लव के मुताबिक, किस्मत ने बताया कि वह अपने परिवार का भरण-पोषण मुश्किल से कर पाता था और भोलानाथ के पास अधिक संपत्ति थी, जिसके कारण उसे उससे रंजिश थी. हत्या के एक दिन पहले आरोपी ने बड़े भाई से एक महिला को वशीकरण करने मोहनी मंत्र फुंकवाने के लिए पैसे मांगे थे. मृतक ने उसे पैसे देने से साफ मना कर दिया था. मृतक की आलीशान लाइफ स्टाइल भी उसे खटकती थी. किस्मत ने कथित रूप से पुलिस को बताया कि भोलानाथ शराब पीने और गांव के आकाश मांझी के साथ मिलकर महिलाओं के साथ अवैध संबंध भी बनाना शुरू कर दिया था लेकिन कुछ समय पहले अवैध संबंध के कारण आकाश और भोलानाथ के बीच विवाद हो गया था. किस्मत ने पुलिस को बताया कि भोलानाथ से विवाद के बाद आकाश ने किस्मत के साथ दोस्ती कर ली थी और दोनों बदला लेना चाहते थे.
आवाज देकर मृतक भोलानाथ को घर से बाहर बुलाया
आरोपियों ने रात 11-12 बजे के बीच इस हत्याकांड को अंजाम दिया. पहले आवाज देकर मृतक भोलानाथ को घर से बाहर बुलाया और फिर 3 अलग अलग औजारों से उस पर हमला किया. पत्नी जब चीख सुनकर देखने आई तो उसे भी दौड़ाकर मौत के घाट उतार दिया. दो बच्चे की भी घर के भीतर ही हत्या कर दी. बाद में अलमारी में रखा कैश लेकर वहा से भाग निकले. पुलिस ने आरोपी भाई के घर से 7 लाख 92 हज़ार रुपये और सोने चांदी के जेवर भी बरामद किए. कड़ाई से पूछताछ में पूरे हत्याकांड पर से पर्दा उठ गया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Chhattisgarh news, Durg news
FIRST PUBLISHED : October 03, 2022, 21:12 IST
Source link


