नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के डीजीपी जेल हेमंत कुमार लोहिया की सोमवार देर रात उनके ही घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्यारे ने डीजीपी का कांच की बोतल से गला रेता, साथ ही पेट और बाजू पर कई वार किए। हत्या के बाद उनका शव जलाने की भी कोशिश की। वहीं इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन TRF (द रेजिस्टेंस फ्रंट) ने ली है।
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि, रात को खाना खाने के बाद हेमंत लोहिया ने घरेलू नौकर यासिर को मसाज करने के लिए कहा। दोनों कमरे में चले गए और कुछ देर बाद डीजीपी की चीख सुनकर दोस्त और उसके परिवार वाले नीचे आए। दरवाजा अंदर से बंद था, जब उसे तोड़ा गया तो डीजीपी रक्तरंजित हालत में कमरे में पाए गए। उनके गला रेतने समेत शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से वार के निशान थे। केचअप की बोतल से उनके गले पर वार किए गए थे। पेट पर भी चोट के निशान मिले।
आग लगाकर शव को जलाने की कोशिश
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डीजीपी की गला रेतकर हत्या के बाद तकिये और कपड़े पर केरोसीन से आग लगाकर शव को जलाने की भी कोशिश की गई।
आरोपी नौकर गिरफ्तार
पुलिस ने मुख्य आरोपी माने जा रहे घरेलू कर्मचारी यासिर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सोमवार रात से ही आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई थी। खबरें आई थी कि मौके से बरामद हुए सीसीटीवी में आरोपी को हत्या के तुरंत बाद भागते देखा गया था।पुलिस का कहना है कि आरोपी डिप्रेशन का शिकार था। साथ ही कहा जा रहा है कि पुलिस को उसकी एक डायरी भी बरामद हुई है।
1992 बैच के आईपीएस अधिकारी थे लोहिया
लोहिया 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। वे लंबे समय तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे, जिसके बाद फरवरी 2022 में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर जम्मू-कश्मीर लौट आए थे। वे होमगार्ड्स/नागरिक रक्षा/राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) में कमांडेंट जनरल के रूप में तैनात थे। इसी साल अगस्त महीने में उन्हें DG जेल के तौर पर तैनात किया गया था।
आतंकी संगठन टीआरएफ ने ली जिम्मेदारी
एचके लोहिया की हत्या की जिम्मेदारी आतंकी संगठन टीआरएफ ने ली है। टीआरएफ का पीपुल्स एंटी फासिस्ट फोर्स नया आतंकी संगठन है। टीआरएफ ने बयान जारी कर कहा कि हमारे स्पेशल स्क्वायड ने जम्मू के उदयवाला में खुफिया ऑपरेशन को अंजाम देते हुए डीजी पुलिस जेल एचके लोहिया की हत्या कर दी।

