भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह साढ़े 7 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मध्यप्रदेश में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के संबंध में समीक्षा बैठक की। इस दौरान बैठक में सीएम ने अधिकारियों आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
DGP ने सीएम शिवराज को दी जानकारी
सीएम शिवराज के निर्देश के बाद 8 अक्टूबर से चलाए जा रहे प्रदेश के सभी जिलों में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस विभाग की कार्रवाई के संबंध में समीक्षा बैठक में डीजीपी सुधीर सक्सेना ने जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सबस्टेंस एक्ट (NDPS Act) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 189 प्रकरण दर्ज किए गए।
नशे के खिलाफ सख्त शिवराज
- NDPS Act के अंतर्गत 189 प्रकरण बनाए गए और 200 आरोपी गिरफ्तार
- अवैध शराब के खिलाफ 2589 प्रकरण बने, 2586 आरोपी पकडे़ गए, 16603.5 लीटर अवैध शराब जप्त की गई
- सार्वजनिक स्थल पर शराब पीने वालों पर 335 प्रकरण दर्ज किए गए
- शराब पीकर गाड़ी चलाने वालो पर 199 प्रकरण दर्ज
प्रदेश में हुक्का लाउंज बंद
बैठक में DGP ने बताया कि हुक्का बार और लाउंज पूरी तरह से बंद हो गए हैं। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, रीवा में एक दो जगह शिकायत थी, सभी जगह कार्रवाई करते हुए हुक्का बार को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
सीएम शिवराज ने दी बधाई
सीएम शिवराज ने कहा कि ‘हम लोगों ने ड्रग्स और बाकी नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जड़ों पर प्रहार करने का फैसला किया और महाअभियान शुरू किया है। हमारे जिलों के सभी साथियों को मैं, बधाई देता हूं कई जगह बहुत प्रभावी कार्यवाही प्रारंभ हुई है।‘

