इंदौर, ब्यूरो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को यूथ प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं मध्यप्रदेश वाला हूँ तो आपका भी मामा हुआ। इंदौर में आपका साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से स्वागत है। यह स्वागत आत्मीय है, भावनाओं से है और भावनाओं का प्रकटीकरण आप इंदौर की सड़कों पर देख रहे होंगे। दौर में तो झगड़ा हो रहा था कि हम आपको होटल नहीं, अपने घर में ठहराएंगे। अतिथि देवो भवः की परंपरा का निर्वाह करते हुए हम आपका स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि जब पश्चिमी देशों में सभ्यता का सूर्योदय नहीं हुआ था, तब हमारे देश में ऋषियों ने वेदों की ऋचायें रच दी थीं। मोदी जी वसुधैव कुटुम्बकम के मूलमंत्र को लेकर चल रहे हैं। शिवराज ने कहा कि युवा वो नहीं है जिसकी उम्र कम होती है, युवा वो है, जिसके पैरों में गति होती है, जिसके सीने में आग होती है, जिसकी आँखों में सपने होते हैं और उन्हें वह साकार करके ही चैन की सांस लेता है। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि दुनिया में कोई ऐसा काम नहीं है जो तुम न कर सको और भारत के युवाओं ने कर दिखाया है। दुनिया में जहाँ गए, वहाँ एक अलग पहचान बनाई। दुनिया के सभी देशों में आपने भारत का डंका बजाया है। एक व्यक्ति अगर ठान ले तो वो दुनिया बदल सकता है। मोदी जी ने जब स्वच्छता का नारा दिया, तो सभी लोगों ने झाड़ू थाम ली, इंदौर ने तो स्वच्छता का छक्का लगाया। डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया जैसे कार्यक्रम। अनेक क्षेत्रों में भारत दुनिया को दिशा दिखा रहा है। भारत को अर्थशक्ति बनाना है, इसके लिए इनोवेशन की जरूरत है। जो विचार दिमाग में आये, उसको जमीन पर उतारना ही नवाचार है। भारत के नौजवान नवाचार कर रहे हैं। आइडिया, उसके लिए रोडमैप और उस पर चलने का साहस जरूरी है। भारतीय मेधा और विश्वसनीयता ही है कि बड़ी बड़ी कंपनियों में बड़े पदों पर भारतीय आसीन हैं। सुंदर पिचाई, इंदिरा नूई, सत्या नडेला जैसे कितने नाम हैं जिन्होंने सफलता के झंडे गाड़े हैं। भारत के प्रवासी युवाओं ने अपनी प्रतिभा के दम पर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में लोहा मनवाया है। देश की प्रगति और विकास के लिए ये दोनों क्षेत्र महत्वपूर्ण हैं। 100 से अधिक स्टार्टअप को यूनिकॉर्न बनाया है। गाँव गाँव से युवा निकल रहे हैं। इंदौर ने 1,500 स्टार्टअप दिए हैं। भारत आगे बढ़ रहा है और मध्यप्रदेश भी आगे बढ़ रहा है। हमारी विकास दर 19.76% है। मैं एक बार फिर आपका स्वागत करता हूँ। आप सराफा बाजार तो जाएँ ही, साथ में 56 दुकान भी जाना। आप महाकाल महलोक भी जाएँ। हमारे पास 11 टाइगर पार्क हैं। मध्यप्रदेश टाइगर, लेपर्ड, वल्चर स्टेट है और अब तो ये चीता स्टेट भी बन गया है। जब भी आपको कोई आइडिया आये, आप मामा को याद कर लेना, उसे जमीन पर उतारने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। है नहीं ये हाथ केवल हाथ मलने के लिए, तू इन्हें मुट्ठी बना दुनिया बदलने के लिए!