भोपाल, ब्यूरो। आएसएस चीफ मोहन भागवत की पंडितों पर की गई टिप्पणी के बाद कई जगह उनका विरोध हो रहा है। कई ब्राम्हण संगठन संघ प्रमुख के बयान का विरोध जता रहे हैं। इस बीच, मध्य प्रदेश के एक आईएएस ने भी ब्राम्हणों के समर्थन में अपनी बात रखी है। आईएएस नियाज खान (IAS Niyaz Khan) द्वारा 10 फरवरी को किया गया ट्वीट सुर्खियों में है। खान ने ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि ब्राह्मणों का IQ बहुत अधिक होता है, उनका सम्मान करना चाहिए। खान ने कहा कि ब्राह्मणों के बारे में अधिकांश लोगों की प्रतिक्रिया बहुत ही घृणित है। इस बात को कहते हुए खान ने अपनी पुस्तक “ब्राह्मण द ग्रेट” की रिसर्च का हवाला भी दिया है।
क्या है ट्वीट में
आईएएस नियाज खान ने अंग्रेजी में ट्ववीट किया है। जिसके अनुसार— अपनी पुस्तक ब्राह्मण द ग्रेट के शोध के दौरान, मैंने भारत में ब्राह्मणों के महान योगदान के संबंध में कई गैर-ब्राह्मणों के साथ बातचीत की। अधिकांश प्रतिक्रियाएँ बहुत ही घृणित हैं। मेरे विचार से, चूंकि ब्राह्मणों का आईक्यू बहुत अधिक होता है, इसलिए उनका बिना किसी आधार के सम्मान किया जाना चाहिए। वे बड़ी संपत्ति हैं।
आईएएस नियाज खान के बारे में जानें
नियाज खान मध्य प्रदेश राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी थे। साल 2015 में उन्हें आईएएस प्रमोट हुआ। वे साहित्यिक मिजाज के अफसरों में गिने जाते हैं। वे पहली बार गैंगस्टर अबू सलेम पर किताब लिखकर चर्चा में आए थे। इसके बाद साल 2022 में कश्मीर फाइल्स मूवी के विरोध में की गई टिप्प्णी के चलते घिर गए थे। तब गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उन पर कार्रवाई करने की बात भी कही थी। नियाज अब तक 7 किताब लिख चुके हैं।
मोहन भागवत का बयान
पिछले दिनों राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को संत रविदास जयंती के मौके पर मुंबई में एक कार्यक्रम को संबोधित किया था। उन्होंने कहा था कि भगवान ने हमेशा बोला है मेरे लिए सभी एक हैं। उनमें कोई जाति वर्ण नही हैं, लेकिन पंडितों ने श्रेणी बनाई, वह गलत था। भारत देश हमारे हिंदू धर्म के अनुसार चलकर बड़ा बने और वह दुनिया का कल्याण करे। हिंदू और मुसलमान सभी एक हैं। तब देश के संगठनों ने ‘पंडित’ का अर्थ ‘ब्राम्हण’ से निकाला और विवाद शुरू हो गया।



