नई दिल्ली, ब्यूरो। लिबरेशन टाइगर आफ तमिल ईलम यानि LTTE प्रमुख वेलुपिल्लई प्रभाकरन अब भी जिंदा है। खबर सुनकर आप चौंक गए होंगे, लेकिन यह दावा तमिलनाडु के पूर्व कांग्रेस नेता और वर्ल्ड कन्फेडरेशन ऑफ तमिल के अध्यक्ष पाझा नेदुमारन ने किया है। उन्होंने बताया कि वह जीवित हैं और स्वस्थ हैं। हमें विश्वास है कि इससे उनकी मौत की अफवाहों पर विराम लगेगा। गौरतलब है कि प्रभाकरन को 18 मई 2009 को श्रीलंका सरकार ने मृत घोषित किया था। सरकार ने बताया कि वह 17 मई, 2009 को उस समय मारा गया जब देश के उत्तरी भाग में श्रीलंकाई सैनिक उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। अगले दिन उनका शव श्रीलंकाई मीडिया पर दिखाया गया था। एक हफ्ते बाद LTTE के प्रवक्ता सेल्वारासा पथ्मनाथान ने पुष्टि की थी। दो हफ्ते बाद डीएनए टेस्ट में इसकी पुष्टि हुई कि प्रभाकरन और उसके पुत्र एंथनी चार्ल्स की मौत हो गयी है। आपको बता दें कि प्रभाकरण के गुट ने ही पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या करवाई थी।


