संवदेनशील CM : शिवराज ने रूकवाया कारकेड, घायलों से पूछा हालचाल

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक ऐसे नेता हैं जिनकी पूरे देश में अलग ख्याति है। अक्सर उनकी संवेदनशीलता की मिसाल सामने आती रहती हैं। उनकी सहृदयता के कई किस्से देखने को मिलते हैं। आज फिर शनिवार को एक ऐसा ही वाकया राजधानी भोपाल में सामने आया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान परशुराम जयंती पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने गुफा मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क पर एक दुर्घटनाग्रस्त कार दिखाई दी। यह दुर्घटना मुख्यमंत्री के काफिला गुजरने के थोड़े देर पहले ही हुई थी। जैसे ही घटनास्थल के पास से सीएम का काफिला गुजरा तो यह देखकर उन्होंने अपना कारकेड रूकवा लिया। मुख्यमंत्री स्वयं कार से उतरे और दुघर्टनास्थल पर पहुंच गए। वहां बैठे घायल युवाओं से बात की और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन्हें तत्काल अच्छे अस्पताल में ले जाएं और बेहतर उपचार प्रदान किया जाये। घटना वीआईपी रोड के पास हुई। पुलिस के अनुसार दो युवक तेज रफ्तार से कार चला रहे थे। वे वीआईपी रोड से गुजर रहे थे कि उनकी कार अनियंत्रित हो गई। कार की गति इतनी अधिक थी, कि कार पलटी खाकर रोड के दूसरी तरफ पलट गई। हालांकि युवकों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री के वहां से जाते ही पुलिस अधिकारियों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर तत्काल ईलाज के लिए अस्पताल रवाना कर दिया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
आपको बता दें कि आज परशुराम जयंती है। इस अवसर पर बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र शास्त्री राजधानी भोपाल के गुफा मंदिर में आए हैं। यहां पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी वीआईपी रोड से जा रहे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here