भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह पर बन सकती है फिल्म, कई डायरेक्टर कर रहे संपर्क

भोपाल।  इन दिनों देशभर में फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ (The Kerala Story) को लेकर बहस चल रही है। भारतीय जनता पार्टी और हिंदू धर्मवादी संगठनों ने इसे आतंकवाद और लव जिहाद से जोड़कर बताया है। इस फिल्म पर सोमवार को भोपाल की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह (Sadhvi Pragya Singh) का भी बयान आया है। द केरल स्टोरी की बात पीछे छोड़ते हुए साध्वी प्रज्ञा ने खुद पर फिल्म बनाने की बात कह डाली। सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा है कि मुझपर भी फिल्म बननी चाहिए। साध्वी ने आगे कहा कि कई बड़े डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और फिल्म लेखक मुझसे संपर्क कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मैं भी कांग्रेस की सरकार के द्वारा पीड़ित हूं, मेरे उपर भी खूब जुल्म हुए हैं, जेल के भीतर मुझे प्रताड़ित किया गया है। इसलिए अगर मुझ पर फिल्म बनती है तो मुझे कोई एतराज नहीं होगा। द केरल स्टोरी के बारे में बात रखते हुए सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ने कहा कि आतंकवादी और आतंकवादियों का समर्थन करने वालों का चेहरा बेनकाब होना ही चाहिए। ये सच्चाई सामने आना चाहिए ताकि राष्ट्रवादी विचारधारा के युवाओं को पचा चले कि आतंकी और आतंकियों का समर्थन करने वालों के चेहरे कैसे होते हैं। साध्वी प्रज्ञा सिंह के बयान के बाद कांग्रेस ने भी पलटवार किया है। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि साध्वी प्रज्ञा पर फिल्म जरूर बननी चाहिए, लेकिन साध्वी बनने के पहले की प्रज्ञा ठाकुर पर भी फ़िल्म बननी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here