भोपाल। कांग्रेस के दिग्गज नेता, भूतपूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के भाई और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सिंह ने अपने भाई और पार्टी पर कटाक्ष किया है। चाचौड़ा से विधायक लक्ष्मण सिंह ने कहा कि बजरंग दल राष्ट्र विरोधी नहीं है, लिहाजा उस पर प्रतिबंध लगाने की बातें करना बेमानी है। द केरल स्टोरी संबंधी सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि केरल में साल 1975 से धर्मांतरण का खेल चल रहा है। मध्य प्रदेश में आम आदमी की उपस्थिति पर लक्ष्मण सिंह ने कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं है। यह लोग बहुत ज्यादा वोट नहीं ले पाएंगे। जय आदिवासी संगठन के स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की बात पर उन्होंने कहा कि जयस कांग्रेस के साथ ही रहेगा। ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर जाने पर लक्ष्मण ने कहा कि सिंधिया को कभी मैंने गद्दार नहीं कहा, मैं सिंधिया को मिस करता हूं, वह एक अच्छे नेता थे। पार्टी छोड़ने का निर्णय उनका व्यक्तिगत था। सिंह ने आगे कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 में ग्वालियर, चंबल बेल्ट में सिंधिया और सिंधिया समर्थकों की जीत असंभव है। हालांकि उनके लोगों को इस बार टिकट मिलना भी काफी मुश्किल है। अपने भाई दिग्विजय सिंह के बारे में उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस के पास दिग्विजय सिंह और कमल नाथ का चेहरा है। यही लोग स्टार प्रचारक होंगे। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि इस बार जनता भाजपा से नाराज है। कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलेगा। दीपक जोशी के कांग्रेस में आने पर उन्होंने कहा कि दीपक जोशी चाहें तो शिवराज के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं।
कर्नाटक से भी ज्यादा सीटें आएंगी
लक्ष्मण सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को कर्नाटक से भी अधिक सीटें मिलेंगी। कांग्रेस फिर सरकार बनाएगी।
कमल नाथ की तारीफ
सिंह ने कहा कि कई भाजपाई मेरे संपर्क में हैं, जो कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कमल नाथ देश की राजनीति करने वाले नेता हैं और उनके अच्छे मैनेजमेंट से फिर प्रदेश में सरकार बनेगी।
केरल में 1975 से चल रहा है धर्म धर्मांतरण, बजरंग दल पर बैन लगाना गलत निर्णय
