मध्य प्रदेश में को हर साल मिलेंगे 12 हजार रुपये

  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के हित में लिया क्रांतिकारी फैसला
  • केंद्र सरकार द्वारा दिये जा रहे 6 हजार के अलावा मध्य प्रदेश सरकार 6 हजार रुपये अलग देगी
  • केंद्रीय मंत्री राजनाथ ने की सीएम शिवराज की तारीफ— मध्य प्रदेश में किसानों के लिए सबसे अच्छे कार्य हुए
  • शिवराज बोले — कमल नाथ घोषणा करके मुकर जाते थे, उनकी झूठी घोषणाओं से सतर्क रहना

भोपाल/राजगढ़। मध्य प्रदेश के किसानों को अब हर साल 12 हजार रुपये मिलेंगे। मुख्यमंत्री​ शिवराज सिंह चौहान ने यह ऐलान किया। वे राजगढ़ जिले के मोहनपुरा बांध में आयोजित ‘किसान कल्याण महाकुंभ’ में अपनी बात रख रहे थे। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाई जा रही है। अब किसान भाईयों को 10 हजार की जगह 12 हजार रुपए मिलेंगे। प्रधानमंत्री जी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत ₹6000 देते हैं। मध्य प्रदेश की सरकार भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत अभी तक 4000 दे देती थी, लेकिन आज मैं ऐलान कर रहा हूं कि अब मामा भी ₹6000 देगा। किसानों को कुल 12 हजार रुपये मिलेंगे।

मोदी जी के 9 साल विकास की कहानी कह रहे

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी जी के 9 वर्ष पूरे हुए हैं। यह 9 साल प्रगति, विकास, जनकल्याण और मां, बहन, बेटा-बेटियों के भलाई के हैं। उनके नेतृत्व में देख में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है।

8500 करोड़ लागत के बांध का लोकार्पण

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजगढ़ जिले में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ ‘किसान कल्याण महाकुंभ’ में की मोहनपुरा-कुंडालिया सिंचाई परियोजना का लोकार्पण भी किया। इस परियोजना से 2 लाख 85 हज़ार हेक्टेयर की अतिरिक्त सिंचाई क्षमता विकसित होगी।

1400 करोड़ राशि खाते में भेजी

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री के साथ मिलकर “मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना” के तहत 70 लाख किसान परिवारों के खातों में ₹1400 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की।

किसानों की ब्याजमाफी कर रही मध्य प्रदेश सरकार

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारी भाजपा सरकार किसानों का ब्याज माफ कर रही है। “मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना” के तहत प्रथम चरण में 8 लाख किसानों का ₹1500 करोड़ का ब्याज माफ किया।

क्या है कृषक ब्याज माफी योजना

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना के अंतर्गत लगभग 11 लाख किसानों की ₹2123 करोड़ की ब्याज राशि माफ किया जाना है। इसी योजना के पहले चरण के अंतर्गत आज राजगढ़ में मुख्यमंत्री ने 8 लाख किसानों का ₹1500 करोड़ का ब्याज माफ किया है। दूसरे चरण में अन्य किसानों का कर्ज माफी की प्र​क्रिया भी जारी है।

पीएम फसल बीमा की राशि दी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘किसान कल्याण महाकुंभ’ में “प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना” के तहत वर्ष 2021-22 में 44.49 लाख आवेदक कृषकों को ₹2933 करोड़ की दावा राशि का सिंगल क्लिक से वितरण भी किया।

घोषणा करके मुकर जाते थे कमल नाथ

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों और महिलाओं को ​कांग्रेस और कमल नाथ से सतर्क रहने का कहा है। उन्होंने कहा कि कमल नाथ ने किसानों के कर्ज माफ करने की बात कही थी, लेकिन कर्ज माफी नहीं की। लेकिन मैं आपका भाई हूं, जो कह रहा हूं वह होकर रहेगा।

सभी बहनों के खातों में आएंगे रुपये

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन बहनों के खातों में 1 हजार रुपये नहीं आए हैं, वे घबराएं नहीं। जल्दी ही उनके खातों में भी राशि आ जाएगी। सीएम ने कहा कि कल शाम तक 75 लाख बहनों के खाते में पैसा आ गया था और बाकी 50 लाख बहनों के खातों में भी एक दो दिन में राशि पहुंच जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम कमल नाथ थोड़ी हैं कि कह कर मुकर जाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here