न भूतो न भविष्यति : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश को समर्पित किये हजारों विकास कार्य
मध्य प्रदेश के लिए 6 अक्टूबर 2023 दोपहर 12:00 बजे का समय बना इतिहास
भोपाल। मध्य प्रदेश की धरती पर 6 अक्टूबर 2023, दोपहर 12:00 बजे एक नया इतिहास रचा गया है। राज्य में विकासकार्यों के लिए 53 हजार 500 करोड़ रुपए की लागत के 14 हजार 871 कामों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ। विकास कार्यों की यह सौगात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने प्रदेशवासियों को दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ये सचमुच में यह मध्य प्रदेश के लिए एक अद्भुत पल है। आज एक इतिहास बन रहा है। यह विकास का महाकुंभ है। अकेले आज के दिन ये तिथि इतिहास में दर्ज की जाएगी। न भूतो न भविष्यति।
तब मुरम की सड़क को तरसती थी जनता : सीएम
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक जमाना था जब प्रदेश की जनता मोरम-गिट्टी की रोड के लिए तरसती थी। लेकिन आज हजारों करोड़ के विकास कार्य हो रहे हैं।
समृद्ध हो गया है मध्य प्रदेश : शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अपना मध्य प्रदेश अब बीमारू नहीं है। अपना मध्य प्रदेश अब गरीब नहीं है। अपना मध्यप्रदेश अब समृद्ध और विकसित मध्यप्रदेश है। इसमें सामाजिक न्याय मुझे देना है। सामाजिक न्याय का मतलब है, जो मध्य प्रदेश के संसाधन है उनका फायदा गरीब को भी मिले।

सामाजिक क्रांतियों का गवाह बना प्रदेश : सीएम
मध्य प्रदेश की धरती पर अनेकों सामाजिक क्रांतियां हो रही हैं। लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह, संबल योजना, जननी सुरक्षा योजना, आहार अनुदान योजना, तीर्थ दर्शन योजन यह भी सामाजिक क्रांति है। सीएम शिवराज ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना 6 हजार रुपए साल, ब्याज भरवाने की योजना, सीखो-कमाओ योजना अभी-अभी चालू हुई है इसका महत्व अब लोग समझेंगे। 1 लाख सरकारी नौकरियों में भर्ती करने का काम वो अलग चला है। मुख्यमंत्री पथ विक्रेता योजना, आवास योजना और बनाई वो भी एक सामाजिक क्रांति है।
हर गरीब को घर देंगे : शिवराज
आज मैं ये संकल्प व्यक्त कर रहा हूं, कोई गरीब बिना आवास के नहीं रहेगा। पट्टा बांटने का काम चल रहा है। मुख्यमंत्री भू-आवासीय अधिकार योजना के तहत सभी को जमीन के पट्टे दिये जाएंगे। मैंने सतना से सवा लाख पट्टे बांटे हैं और आज फिर कह रहा हूँ आने वाले दिनों में हम शहर के लिए भी योजना बना रहे हैं। हर गरीब को पक्की छत देंगे कोई गरीब टूटी टपरिया में नहीं रहेगा। यह भी एक सामाजिक क्रांति है। प्रदेश में और भी जन सामाजिक क्रांति हुई हैं।
चुनाव और नौकरी में आरक्षण दिया : सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां, बहन और बेटी का सम्मान चाहिए। मैंने सरकारी नौकरियों में बेटियों के लिए 35% रिजर्वेशन तय कर दिया है। जाओ बेटियों तुम शासकीय नौकरियां भी करो। हमारी 50% बहने आज मेयर, सरपंच, पार्षद अलग-अलग पदों पर है। ये सामाजिक क्रांति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मैं सांसद था तो सांसद निधि से किसी गांव में 25 हजार रुपये की मोरम डलवाते थे तो गांव वाले श्रीफल, दाल बाफले खिलाकर स्वागत करते थे। कहते थे 25 हजार रु मिल गया गांव को, एक वो युग था।
तांगे से मेट्रो का सफर किया तय : शिवराज
मैंने पिछले दिनों कहा था भोपाल में एक्के तांगे चलते थे। अब तांगे से लेकर मेट्रो तक का सफर मध्य प्रदेश ने तय किया है। कांग्रेस के जमाने में टूटी-फूटी आईटीआई टपरों में चलती थी। टपरों वाली आईटीआई से लेकर ग्लोबल स्किल पार्क तक का सफर हमने तय किया है। मेरी सरकार ने जो कल्पना नहीं थी वो किया है। कहां था मध्य प्रदेश और कहां पहुंचा है।
तय मापदंड पर ही लिया जा रहा कर्ज : सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोग कहते हैं कि कर्ज ले लिया। कर्जा क्या होता है? भारत सरकार कुछ मापदंड तय करती है की कोई राज्य इतना कर्जा ले सकता है। वह कुल सकल घरेलू उत्पादन के 3 या 3.5% के आसपास होता है। उतना लेकर और उससे कई गुना ज्यादा दूसरे राज्यों ने लिया है। हमने विकास के कामों पर खर्च किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के विकास में हमने कोई कसर अब तक नहीं छोड़ी है। यह विकास का महायज्ञ मध्य प्रदेश में जारी रहेगा और जनता के कल्याण की योजनाएं भी लगातार चलती रहेगी। प्रदेश को स्वर्णिम बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।


