महाशिवरात्रि के शुभ मुहुर्त पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद वी.डी. शर्मा ने शुक्रवार को छतरपुर जिले के खजुराहो स्थित मतंगेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उनके साथ महेंद्र शर्मा, जिले के विधायकगण और अन्य जनप्रतिनिधि भी थे। मुख्यमंत्री ने मतंगेश्वर महादेव की पूजा कर प्रदेश की समृद्धि और नागरिकों के खुशहाल जीवन की कामना की। पूजन अर्चन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान मतंगेश्वर महादेव के दर्शन करके महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर हम सब ने मन, वचन और कर्म से पूजन-अभिषेक किया है। परमात्मा की कृपा से अभी सरकार बनी है और सरकार बनने के साथ ही हमने निर्णय किया है कि सभी देवस्थान की चिंता करके जीवंत इकाई के नाते से मंदिर में पूजा हो, सभी प्रकार की गतिविधियां चले और वहां पर सभी प्रकार की व्यवस्था हो। सामाजिक रूप से मन्दिर संस्कार के केंद्र बने। साथ ही प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मतंगेश्वर महादेव उसमें सबसे पहले आते हैं। जिसकी पूरे क्षेत्र में एक अलग पहचान है।
मध्यप्रदेश सरकार देवस्थानों की चिंता कर पूजा के साथ संस्कार केंद्र भी बनाएगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि खजुराहो में देश और दुनिया के लोग आते हैं। खजुराहो आने का एकमात्र कारण यहां मंदिरों की श्रृंखला है। उन्होंने कहा न केवल मतंगेश्वर महादेव मन्दिर बल्कि पूरे क्षेत्र के नवीनीकरण, उन्नतीकरण के लिए जो-जो निर्माण कार्य होंगे उन्हें कराया जाएगा। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मतंगेश्वर महादेव के सामने जितना बड़ा भगवान का शिवलिंग है, उसके सामने नंदी गृह का अभाव है। महाकाल के महालोक के समान जो भी योजना इस देवलोक के लिए बनेगी मध्यप्रदेश सरकार उसे पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब अयोध्या के हालात बदले, भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा हुई, उज्जैन के महाकाल महालोक का निर्माण हुआ, बनारस का हुआ तो खजुराहो का क्यों नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में पिछले दिनों ओला, पाला, असमय वर्षा हुई तो तत्काल कलेक्टर को आंकलन के निर्देश दिए गए।
ओलावृष्टि से फसलों के नुकसान की भरपाई करेगी प्रदेश सरकार
ओलावृष्टि से किसी की भी फसल का नुकसान हुआ होगा तो सरकार उसकी पूरी भरपाई करेगी। इसके स्पष्ट निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा कि आज हम सब आदर और श्रद्धा के साथ महाशिवरात्रि मना रहें। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई भी दी।


