छतरपुर जिले के गढ़ी मलहरा में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाने के ठीक सामने तेज रफ्तार अल्टो कार ने सड़क किनारे टहल रहे शिक्षक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।मृतक की पहचान विपिन चौरसिया (38 वर्ष), पिता राधाचरण चौरसिया, निवासी गढ़ी मलहरा के रूप में हुई है। घटना शनिवार शाम करीब 7:45 बजे की बताई जा रही है।
विपिन चौरसिया अन्य नगर के शिक्षकों के साथ टहलने निकले थे, तभी महोबा की ओर से आ रही तेज रफ्तार अल्टो कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वह उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे और बेहोश हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी रीता सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
डायल 112 के आरक्षक योगेश रिछारिया और पायलट उदयभान की मदद से घायल शिक्षक को तत्काल जिला अस्पताल छतरपुर लाया गया, जहां इमरजेंसी में डॉक्टर अदिति अग्रवाल ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे में शिक्षक के चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। विपिन चौरसिया ऊजरा में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


