जौरा (मुरैना)। मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पिकनिक स्थल पगारा डैम में शुक्रवार शाम एक युवक नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, ग्रामीण और एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।जौरा थाने के सब-इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह कुशवाह के अनुसार, काशीपुर (मुरैना) निवासी 24 वर्षीय राहुल इंदौलिया अपने दोस्तों सचिन सिकरवार, कला तोमर, कान्हा तोमर और ललित राठौर के साथ पगारा डैम पर पिकनिक मनाने आया था। शाम करीब 4 बजे राहुल नहाने और तैरने के लिए पानी में उतरा। तैरते-तैरते वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।घटना की सूचना मिलते ही जौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन डैम में पानी अधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।समाचार लिखे जाने तक राहुल इंदौलिया का कोई पता नहीं चल सका था। वहीं, मुरैना से एसडीआरएफ (SDRF) की टीम भी रेस्क्यू अभियान के लिए घटनास्थल पहुंच गई थी और युवक की तलाश जारी थी।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में डैम, नदी और गहरे जलाशयों में नहाने या तैरने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें।


