दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से युवक की हत्या, घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

गुना जिले के मृगवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कागलियापुरा में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। दिनदहाड़े एक युवक की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

सूत्रो जानकारी के अनुसार, ग्राम कागलियापुरा निवासी 36 वर्षीय दीवान सिंह भील शनिवार सुबह करीब 9 बजे अपने महुआ वाले खेत पर बैठकर मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान गांव का ही दिनेश भील अचानक वहां पहुंचा और पीछे से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपी ने सिर और गले पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे दीवान सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना करीब 10 बजे ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मृगवास थाना प्रभारी सुरेश कुशवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान आरोपी पास के खेत में दिखाई दिया, जिस पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने पथराव करते हुए भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सतर्कता और सूझबूझ से काम लेते हुए काफी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक और आरोपी एक ही परिवार से जुड़े हुए हैं और उनके बीच पहले से किसी प्रकार का विवाद सामने नहीं आया है। हालांकि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है और वह पूर्व में भी विवादों में रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी मनोज झा, तहसीलदार सुनील वर्मा सहित मृगवास, कुंभराज और चाचौड़ा थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here