मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम के श्रवण के बाद उपस्थित बेटियों से सीधा संवाद कर नारी सशक्तिकरण को लेकर उनकी जिज्ञासाओं के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और राजनीतिक भागीदारी को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से बात की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकार उनके सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ और महिला आरक्षण को महिलाओं के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और मजबूत होगी।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से महिलाओं की प्रगति के खिलाफ रही है, जबकि वर्तमान सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ठोस निर्णय ले रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि देश की बेटियां अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रही हैं और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ जैसे महत्वपूर्ण कानूनों को समझ रही हैं।कार्यक्रम के दौरान बेटियों ने शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका मुख्यमंत्री ने विस्तार से जवाब दिया। इस संवाद के माध्यम से सरकार ने यह संदेश देने की कोशिश की कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नीति और संवाद दोनों स्तरों पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


