कमल नाथ पर हावी हो रही उम्र, अपने आप को अवश्यंभावी सीएम कहते हैं

भोपाल, ब्यूरो। कमल नाथ अपने ही बयान पर घिरते नजर आ रहे हैं। अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी उन पर कटाक्ष करते हुए उनकी उम्र पर सवाल उठाया है। स्मार्ट सिटी पार्क में बुधवार को पौधरोपण के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि मुझे तो कमलनाथ जी पर तरस आता है। कई बार लगता है कि उन पर उम्र अब हावी हो रही है। अब वह कहते हैं कि मुझे विधायकों की जरूरत नहीं है। उन्हें नहीं पता कि विधायक क्या होता है? सीएम ने आगे कहा कि लोकतंत्र में चुने हुए जनप्रतिनिधि की हैसियत भी संविधान में बताई गई है, और कांग्रेस की यह भी जानती है कि मुख्यमंत्री विधायक ही चुनते हैं। ऐसे में कमल नाथ संविधान का माखौल कैसे उड़ा सकते हैं कांग्रेस के भविष्य पर सवाल उठाते हुए सीएम ने कहा कि अब कांग्रेस का भगवान ही मालिक है। जिसका नेता कह रहा हो मुझे जरूरत ही नहीं है। उनका यह उनका अहंकार पार्टी को भी ले डूबेगा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कमल नाथ अपने आप को कहलवाते हैं भावी मुख्यमंत्री, अवश्यंभावी सीएम और कहते हैं विधायकों की जरूरत ही नहीं है। सीएम शिवराज ने कहा कि कमल नाथ पहले भी कहते थे कि मुझे विधायकों की जरूरत नहीं है। तब कुछ लोग कांग्रेस से निकल कर आ गए थे। अब फिर अभी से कह रहे हैं मुझे जरूरत नहीं है, जहां जाना है चले जाओ। शिवराज ने कहा कि कमल नाथ न जाने क्या-क्या बोलते हैं। कल कहा- न मैं चाय बैचने वाला हूं, न मैं मामा हूं। अरे कमल नाथ जी, मामा तो तुम हो ही नहीं सकते मामा तो वह होता है, जिसके दिल में बहनों और बेटियों के लिए इज्जत होती है। तुम किसान हो नहीं सकते क्योंकि तुमने किसानों के वादे कभी पूरे नहीं किए कर्जमाफी का वादा करके मुकर गए। माटी की सौंधी सुगंध आज जानते नहीं हो। चाय वाला तो कोई गरीब ही हो सकता है। सोने की चम्मच मुंह में लेकर पैदा होकर कॉरपोरेट राजनीति करने वाले और मौका मिलते ही पूरे प्रदेश को लूटने वाले कैसे चाय वाले हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here