सीहोर, मध्यप्रदेश: सीहोर जिले के चाणक्यपुरी क्षेत्र में धर्म परिवर्तन कराने का एक मामला सामने आया है, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। जानकारी के मुताबिक, चाणक्यपुरी निवासी जब्बार खान के घर पर एक ईसाई प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा था, जिसमें दर्जन भर से अधिक लोग शामिल थे।
इसकी सूचना मिलते ही, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को साथ लेकर मौके पर छापा मारा। मौके पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि गरीबों और जरूरतमंदों को पैसों का लालच देकर और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था।
इस मामले में जब्बार खान के साथ-साथ जिला अस्पताल पुलिस चौकी में तैनात पुलिसकर्मी वीरेंद्र अहिरवार पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वीरेंद्र अहिरवार अपनी ड्यूटी छोड़कर इस प्रार्थना सभा में शामिल थे और इसे आयोजित कराने में मदद कर रहे थे।फिलहाल, कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। सीएसपी अभिनंदना शर्मा ने बताया कि सभी आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


