भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित बड़ी झील में अजब-गजब मछली चर्चा का विषय बनी हुई है। यह मछली भोपाल के एक युवक को मिली है। मगरमच्छ जैसे जबड़े वाली इस मछली का वजन करीब ढाई किलो है और इसकी लंबाई डेढ़ फीट है। राजधानी में पहली बार किसी को तरह की मछली मिली है। मगरमच्छ जैसी दिखने वाली इस मछली का नाम एलिगेटर गार है। विज्ञान की भाषा में इसे क्रोकोडाइल फिश भी कहा जाता है। जानकार बताते हैं कि क्रोकोडाइल फिश मूलतः उत्तरी अमेरिका में मीठे पानी वाली झीलों में होती हैं। भारत के केरल राज्य में तो इस मछली का पालन भी किया जाता है। चूंकि यह मछलियां मांसाहारी प्रवृत्ति की होती हैं इसलिए इनके दांत बड़े और नुकेले होते हैं। खास बात यह है कि यह मछली 20 वर्ष तक जीवित रह सकती है और 10 फीट तक लंबी हो सकती है। आपको बता दें कि भोपाल के खानूगांव क्षेत्र में कुछ युवक बड़ी झील में मछली पकड़ रहे थे तभी अनस खान के कांटे में यह मछली फंस गई। उसी दौरान यह मछली मर गई थी। बताया जाता है कि यह मछली मानव के प्राण तक ले सकती है। अपने पूरे आकार की मछली इंसानों पर हमला कर सकती है। उत्तरी अमेरिका में इस मछली द्वारा हमले किये जाने के कई मामले सामने आते रहे हैं। हालांकि केरल में 5 इंच के मछली के बच्चे की कीमत 1 हजार से 2 हजार रुपए तक होती है।