इस्लामाबाद: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में इमरान खान (Imran Khan) सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं. पाकिस्तानी सैन्य प्रमुख की यात्रा के दौरान भी बड़ी संख्या में लोगों ने इकठ्ठा होकर विरोध-प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी स्थानीय नेता बाबा जान (Baba Jan) सहित उन 14 लोगों की रिहाई की मांग कर रहे हैं, जिन्हें 2011 में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था.
आखिरी दम तक चलेगा आंदोलन
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती, वह इसी तरह अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे. पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा (Pakistan Army chief General Qamar Javed Bajwa) ने मंगलवार को गिलगित में एक अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का उद्घाटन किया है. इस दौरान, पीओके के अलीबाद हुंजा (Aliabad Hunza) में बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लिया.
सियासी दल भी हुए शामिल
असेरन-ए-हुनज़ा रिहाई समिति (Aseeran-i-Hunza Rihaee Committee) के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किये गए. अनुचित तरीके से गिरफ्तार लोगों की रिहाई के लिए यह समिति बनाई गई है. पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई), पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी), पाकिस्तानी मुस्लिम लीग (नवाज़-पीएमएल-एन) के 500 पुरुष और महिला राजनीतिक कार्यकर्ता, धार्मिक और स्थानीय संगठनों, और कैदियों के परिवार के सदस्यों ने अलीबाद हुंजा के कॉलेज चौक पर एकत्र और काराकोरम राजमार्ग जाम कर दिया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी भी की.
कौन हैं बाबा जान
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बाबा जान और 13 अन्य लोगों को 2011 में आजीवन कैद की सजा सुनाई गई है. बाबा जान सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, इसीलिए उन्हें जेल भेज दिया गया. उनके खिलाफ आतंकवाद रोधी अधिनियम (ATA) के तहत कार्रवाई की गई. आरोप है कि बाबा जान को जानबूझकर गलत आरोपों के तहत फंसाया गया है. एक्टिविस्ट बाबा जान ने तत्कालीन पाकिस्तानी प्रशासन को चुनौती दी थी, जो गिलगित बाल्टिस्तान के लोगों के खिलाफ काम कर रहा था.
मानवाधिकारों का उल्लंघन
गौरतलब है कि पाकिस्तानी सरकार PoK में मानवाधिकारों के जमकर उल्लंघन करती रहती है. यहां लोगों को बेवजह गिरफ्तार कर लिया जाता है, उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेज दिया जाता है. सरकार अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज को दबाना चाहती है और बाबा जान इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं.
LIVE टीवी:

