- शिवराज ने गरीबों का जीवन किया आसान
- 15 महीने में ही कांग्रेस ने 51 योजनाएं बंद कर दी थी
- कांग्रेस ने 70 सालों तक अनुच्छेद 370 को अपने बच्चे की तरह गोदी में संभाले रखा था
भोपाल/इंदौर। कमल नाथ ने 15 महीने की सरकार में ही गरीबों के कल्याण की 51 से ज्यादा योजनाओं को बंद कर दिया था। शिवराज सिंह ने आते ही फिर से उन योजनाओं को शुरू कर गरीबों का जीवन आसान कर दिया। यह बातें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इंदौर के कनकेश्वरी मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन में कहीं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें जीत का संकल्प भी दिलाया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की दिल खोल कर प्रशंसा और कमल नाथ से सवाल करते हुए अमित शाह ने कहा कि श्रीमान बंटाधार (दिग्विजय सिंह) और करप्शन नाथ जी आप बताइए कि आप कितना मध्यप्रदेश का बजट छोड़ कर गए थे। वो लोग मध्य प्रदेश का बजट 23000 करोड़ का छोड़ कर गए थे। वर्ष 2023 में शिवराज सिंह चौहान ने 23000 करोड़ से बजट बढ़ाकर 3 लाख 14000 करोड तक किया। सर्व शिक्षा अभियान का बजट 8 गुना, एससी/एसटी, ओबीसी का बजट 60 गुना बढ़ा है। पहले 1056 करोड़ था शिवराज जी के शासन काल में 1056 करोड़ से बढ़कर 64 हजार 390 करोड़ बजट हो गया।
अमित शाह ने सवाल किया कि पहले औद्योगिक विकास दर माइनस में घूमा करती थी और माइनस कम हो जाए तो वो सीना फुलाते थे आज औद्योगिक विकास दर 24% हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग 4 हजार किलोमीटर से 13 हजार किलोमीटर पहुंच गए। कृषि विकास दर निगेटिव से बढ़कर 18% समग्र देश में सबसे ज्यादा विकास दर हमारे मध्यप्रदेश की है।
गृह मंत्री ने कहा कि साल 2018 में मुख्यमंत्री बने कमल नाथ ने किसानों के साथ भी अन्याय किया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए कमलनाथ ने किसानों की सूची नहीं भेजी। हमारे शिवराज जी फिर से मुख्यमंत्री बने तो 10 दिन में किसानों पूरी सूची भेज दी। आज 91 लाख 90 हजार किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मध्य प्रदेश में मिल रहा है।

तब कभी भी हो जाते थे हमले
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 2004 से 2014 के बीच आए दिन पाकिस्तान से देश में कितने ही आलिया-मालिया-जमालिया आतेे और धमाके कर चले जाते थे। तब की केंद्र की कांग्रेस सरकार चुप रहती थी। मोदीजी की सरकार ने उरी जैसे हमलों पर 15 दिन में ही सर्जिकल स्ट्राइक कर जवाब दिया। पाकिस्तान को पता चल गया कि यह मौनी बाबा की नहीं, नरेन्द्र मोदी की सरकार है।
*मोदी जी ने अनुच्छेद 370 हटाया*
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने 70 सालों तक अनुच्छेद 370 को अपने बच्चे की तरह गोदी में संभाले रखा। भाजपा की दूसरी बार सरकार बनते ही अनुच्छेद 370 हटा दिया। कांग्रेस पार्टी और उनके सहयोगियों ने इसका विरोध किया था। साढ़े पांच सौ साल से प्रतीक्षारत राम मंदिर के लिए कांग्रेस ने कुछ भी नहीं किया। न जाने कितने लोगों ने इसके लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। कांग्रेस पार्टी मंदिर के काम को अटका रही थी।
प्रधानमंत्री ने किया देश का हित
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीर्थों स्थानों का उद्धार किया है। चाहे काशी विश्वनाथ कॉरीडोर बनाना हो चाहे राम मंदिर, चाहे सोमनाथ का मंदिर हो और शिवराज जी के साथ महाकाल महालोक हो।
डबल इंजन की सरकार में हो रहा विकास
अमित शाह ने कहा कि शिवराज जी ने, डबल इंजन की सरकार ने 80 लाख घरों में शोचालय बनवाया, 7 लाख 22 हजार घरों में जल का कनेक्शन का पहुंचाया। 1.2 करोड़ परिवारों को प्रतिव्यक्ति/प्रतिमाह नरेंद्र मोदी जी पहुचा रहे हैं, शिवराज जी उसे घर-घर पहुचाने का काम कर रहे हैं। 11 लाख बहनों को उज्ज्वला का लाभ दिया, 53 लाख गरीबों को पीएम आवास दिए गए हैं।
मध्य प्रदेश ट्रांसफर इंडस्ट्री चला दी
गृह मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस समय में तो कोई नई इंडस्ट्री नहीं आई, जो कोई इंडस्ट्री आई है, मोदी जी और शिवराज जी लाएं हैं। मगर कांग्रेस ने एक ट्रांसफर इंडस्ट्रीज जरूर चालू कर दी थी। पूरे मध्य प्रदेश के अंदर श्रीमान बंटाधार (दिग्विजय) का शासन याद कराने का अनुभव केवल डेढ़ साल के अंदर (कमल नाथ) करा दिया।
कांग्रेस ने इसलिए बंद की थी योजनाएं
अमित शाह ने कहा कि अगर कांग्रेसी नेता वोट मांगने आए तो पूछियेगा कि हमारी योजनाएं क्यों बंद कर दी थी?मैं बताऊं क्यों बंद कर दिया.. योजनाओं का पैसा, गरीबों का पैसा बड़े-बड़े कामों के टेंडर निकलवाकर कॉन्ट्रैक्टर से कमीशन खाने के लिए गरीबों की योजनाओं को बंद कर दिया था। 18 हजार से ज्यादा ट्रांसफर डेढ़ साल के अंदर किए गए।