भोपाल, ब्यूरो। कोविड—19 से घबराएं नहीं, लेकिन सावधानी बरतें। बूस्टर डोज लगवाकर खुद को सुरिक्षत करें। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह अपील की है। सीएम ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि स्वास्थ्य व्यवस्था में कहीं भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की जांच करते रहें, आक्सीजन सिलेंडर की पर्याप्त व्यवस्था हो, वेंटीलेटर, दवाईयां आदि की व्यवस्थाएं सुचारू होनी चाहिए।
दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था
इसके साथ ही सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में कोरोना वैक्सीन की पर्याप्त व्यवस्था है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिन्होंने बूस्टर डोज नहीं लगवाया है, वे जरूर लगवा लें। इससे पहले मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास में अधिकारियों की बैठक बुलाई। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि लोगों को बूस्टर डोज लगवाने के लिए प्रेरित करें। कोविड से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाएं।
27 दिसंबर को होगी मॉक ड्रिल
कोरोना को लेकर अलर्ट पर रहें। तैयारी पूरी रखें। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिया है कि 27 दिसंबर को मध्य प्रदेश के अस्पतालों में कोरोना नियंत्रण की मॉकड्रिल की जाएगी। गौरतलब है कि चीन में तबाही मचाने वाले कोविड—19 के ओमिक्रॉन बीएफ—7 वैरिएंट के कुछ मामले भारत में भी मिले हैं। इसलिए मध्य प्रदेश सरकार अभी से सावधानी बरतने लगी है। यहां कई जिलों में प्रशासन ने लोगों से भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क लगाने की अपील की है।


