बछरावली वेयरहाउस चोरी का खुलासा: 4 आरोपी गिरफ्तार, 8 लाख की पिकअप जब्त; मुख्य आरोपी फरार

छतरपुर। भगवां थाना क्षेत्र के ग्राम बछरावली स्थित वेयरहाउस से गेहूं और जवा की बोरियां चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चौकी घुवारा और थाना भगवां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त करीब 8 लाख रुपये कीमत की पिकअप वाहन भी बरामद की है।पुलिस के मुताबिक अगस्त माह में फरियादी महेंद्र कुमार राय के बछरावली स्थित वेयरहाउस से गेहूं एवं जवा की बोरियां चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जानकारी एकत्र की।पुलिस अधीक्षक छतरपुर रजत सकलेचा के निर्देश पर गठित टीम ने मिले साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर चोरी की घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश बाल्मीक, आकाश उर्फ डागा बंशकार, अभिषेक बंशकार और शिवकुमार उर्फ टेंकर बंशकार, सभी निवासी दमोह शामिल हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, पुलिस चोरी की घटना के मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले, एसडीओपी बड़ामलहरा रोहित अलावा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भगवां निरीक्षक राम सिया चौधरी, चौकी प्रभारी घुवारा उप निरीक्षक मोहर सिंह सिकरवार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here