बैतूल। आमला थाना पुलिस ने धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई भीमनगर बोड़खी क्षेत्र में एक घर पर आयोजित बैठक और प्रार्थना सभा की सूचना मिलने के बाद की गई। मौके से धार्मिक साहित्य, पुस्तिकाएं, पैम्फलेट, सहमति पत्र और विभिन्न संस्थाओं से संबंधित पत्र समेत कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं।पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत प्रतिबंधित गतिविधियों की शिकायतों पर कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को सक्रिय किया गया है। इसी क्रम में 15 सितंबर को आमला पुलिस को सूचना मिली थी कि भीमनगर बोड़खी में गणपत सोनवाने के घर पर बैठक एवं प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही है।सूचना के सत्यापन के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे और मुलताई एसडीओपी एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना आमला की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, घर में गणपत सोनवाने सहित पांच लोग मौजूद मिले। पूछताछ के साथ घर की तलाशी लेने पर धार्मिक सामग्री और विभिन्न दस्तावेज बरामद किए गए।पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने धर्मांतरण से संबंधित गतिविधियों में शामिल होने की बात स्वीकार की। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान की जा रही है।इन धाराओं में दर्ज हुआ मामलाआमला थाने में अपराध क्रमांक 371/26 दर्ज किया गया है। प्रकरण में मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।कार्रवाई के दौरान गणपत सोनवाने के घर से धार्मिक साहित्य और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए। इसके अलावा पुलिस ने अन्य आरोपियों के मोबाइल फोन भी विधिवत जब्त किए हैं।गिरफ्तार किए गए पांच आरोपीपुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में गणपत पिता शोभना सोनवाने (43), निवासी भीमनगर बोड़खी, थाना आमला; इनोस उर्फ एनोस पिता हारून जोनाथन (34), निवासी पटेल टोला, बरघाट, जिला सिवनी; रमेश पिता मधुकर अतुलकर (40), निवासी हमलापुर, बैतूल; भावराव पिता कलीराम चंदेलकर (34), निवासी जुनापानी, थाना साईखेड़ा, जिला बैतूल और सुनील पिता कृष्णा नागले (50), निवासी सोमगढ़, थाना मुलताई, जिला बैतूल शामिल हैं।पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले की विवेचना अभी जारी है।पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपीलपुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने जिले के नागरिकों से अपने-अपने धार्मिक विश्वासों और आस्थाओं का शांतिपूर्ण ढंग से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की धार्मिक स्वतंत्रता में हस्तक्षेप नहीं किया जाना चाहिए।पुलिस के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति को प्रलोभन, दबाव, भय या अनुचित प्रभाव के माध्यम से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किए जाने जैसी गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो नागरिक स्वयं कार्रवाई करने के बजाय इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस को दें।पुलिस ने कहा है कि प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं की कानून के अनुसार जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


