पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती रविवार को ग्वालियर पहुंची। यहां वे सिंधिया राजवंश के जय विलास पैलेस पहुंची। जहां उन्होंने राजमाता माधवी राजे सिंधिया के निधन पर उनके परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया में वे एक बेहतर भविष्य देखती हैं। वह शुरू से ही उन्हें अपने पुत्र जैसा मानती रही हैं। इसलिए उनका फर्ज है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को माता-पिता की कमी महसूस नहीं होने देंगी। लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी 400 नहीं बल्कि 500 का आंकड़ा पार करेगी। क्योंकि विपक्ष के पास मोदी के विचारों से लड़ने का माद्दा ही नहीं है। इंडिया गठबंधन के लोग सिर्फ ईर्ष्या की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने सीधी में आदिवासी बालिकाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अभिज्ञता जताई लेकिन बाद में जब उन्हें घटना के बारे में बताया गया तो उन्होंने इसकी निंदा की और कहा कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए । वहीं उन्होंने गुजरात के राजकोट में हुए भीषण अग्निकांड में जनहानि को लेकर कहा कि ऐसे अपराधियों को फांसी दे दी जानी चाहिए। जिन्होंने मानव जीवन से खिलवाड़ किया है। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि यह आरोप गलत है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ गिने-चुने अपने उद्योगपतियों को ही लाभ पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि देश में नए नए स्टार्टअप खड़े हुए हैं। मुद्रा योजना से कई लोगों ने अपने भविष्य को संवारा है। ऐसे में ये आरोप गलत है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कुछ चुनिंदा औद्योगिक क्षेत्र के मित्रों को ही लाभ पहुंचाया है। आम आदमी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल के मामले की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही इस मामले में अपना विरोध दर्ज कराती रही है।आम आदमी पार्टी का पूर्व का इतिहास है। उन्होंने चीफ सेक्रेटरी को भी बंगले पर बुलाकर पीटा था। इसलिए ऐसी घटनाओं से जिस तेजी से आम आदमी पार्टी का उदय हुआ अब उसी तेजी से यह समाप्ति की ओर जा रही है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया के भारतीय जनता पार्टी में आने के लिए उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि राजमाता स्वर्गीय विजया राजे सिंधिया भी अपने पुत्र कैलाश वासी माधवराव सिंधिया को जनसंघ में लाना चाहती थीं, ऐसा नहीं हो सका। परंतु अमित शाह ने सिंधिया को भारतीय जनता पार्टी में लाकर इसे पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह हिमालय में कई दिनों से थीं वहां देश भर के लोगों से मुलाकात हुई और लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि वह मोदी के अलावा किसी को जानते भी नहीं। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से चुनाव जीतने जा रही है।
बाइट – उमा भारती, पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता


