भोपाल। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारी तेज कर दी है पार्टी ने कल रात चुनाव प्रबंधन समिति घोषणापत्र समिति और जिला संयोजकों नामों का ऐलान कर दिया। केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व वाली चुनाव प्रबंधन समिति में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय जैसे 21 वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है। इस समिति में 5 आमंत्रित सदस्य भी हैं। चुनाव प्रबंधन समिति में दो केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल और फग्गन कुलस्ते शामिल हैं। शिवराज के चार मंत्री नरोत्तम मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को जगह मिली है। चार सांसद वीडी शर्मा, राकेश सिंह, गजेंद्र सिंह और गणेश सिंह भी इस समिति का हिस्सा बनाये गए हैं। तीन विधायकों अजय विश्नोई, रामपाल सिंह और प्रदीप लारिया को भी शामिल किया गया है। बुंदेलखंड के सागर जिले से दो मंत्रियों भूपेंद्र सिंह और गोविंद सिंह राजपूत को जगह मिली। लेकिन पार्टी के सबसे वरिष्ठ विधायक और पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव को न तो चुनाव प्रबंधन समिति में रखा गया और न ही घोषणा-पत्र समिति में उन्हें स्थान मिला है। मध्य प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले चार केंद्रीय मंत्रियों को तो चुनाव प्रबंधन समिति में जगह मिली है। केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री डॉ वीरेंद्र खटीक को कोई भी स्थान नहीं मिला।
घोषणा पत्र समिति में आईएएस को भी मिली जगह
दिलचस्प बात यह है कि एक समय में पार्टी में हाशिये में डाल दिए गए पूर्व मंत्री जयंत मलैया को घोषणा समिति का प्रमुख बनाया गया है प्रभात झा को इस समिति का सह प्रमुख बनाय है। घोषणा पत्र समिति में 19 सदस्य बनाए गए हैं। कमेटी में दो रिटायर्ड आईएएस अफसरों को भी शामिल किया गया है। इस समिति में भोपाल कमिश्नर रह कवीन्द्र कियावत और पन्ना के कलेक्टर रह चुके एसएनएस चौहान को शामिल किया है।