BJPs tough stance, if the opposing party in Bihar uses PM MODIs poster, they will file a case – BJP का कड़ा रुख, बिहार में विरोधी दल PM MODI के पोस्टर का इस्तेमाल करेंगे तो केस दर्ज कराएंगे

BJP का कड़ा रुख, बिहार में विरोधी दल PM MODI के पोस्टर का इस्तेमाल करेंगे तो केस दर्ज कराएंगे

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर लोजपा के खिलाफ बीजेपी का रुख सख्त

पटना:

बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2020) के लिए सीटों के बंटवारे पर मुहर के बाद बीजेपी का रुख लोजपा के खिलाफ सख्त होता जा रहा है. पार्टी ने बुधवार को दो टूक कहा कि एनडीए गठबंधन के बाहर कोई भी दल अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर का इस्तेमाल प्रचार के लिए करता है, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी.

यह भी पढ़ें

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने सवालों के जवाब में यह प्रतिक्रिया दी. मंगलवार को बीजेपी और जदयू की प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान भी उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने जायसवाल का उल्लेख करते हुए कहा था कि कोई भी दल प्रधानमंत्री मोदी या पार्टी के किसी अन्य स्टार प्रचारक के पोस्टर का इस्तेमाल करता पाया जाएगा तो पार्टी चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाएगी, जो इस मामले में कार्रवाई कर सकता है. 

बीजेपी का कोई नेता लोजपा से लड़ा तो पार्टी से निष्कासित 

बिहार में बीजेपी के चुनाव प्रभारी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अगर उनकी पार्टी का कोई नेता लोजपा से चुनाव लड़ता है तो उसे दल से निष्कासित माना जाएगा. पार्टी विरोधी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. गौरतलब है कि भाजपा की वरिष्ठ नेत्री ऊषा विद्यार्थी बुधवार को लोजपा में शामिल हो गईं. लोजपा नेता चिराग पासवान ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई. 

कई नेताओं ने लोजपा का दामन थामा

लोक जनशक्ति पार्टी में बीजेपी से खफा नेताओं के शामिल होने का सिलसिला शुरू हो चुका है. पहले बीजेपी के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लोजपा में शामिल हुए. अब पूर्व विधायक उषा विद्यार्थी ने भी लोजपा का दामन थाम लिया है. राजेंद्र सिंह जेडीयू के खिलाफ दिनारा सीट से चुनाव लड़ेंगे जबकि उषा विद्यार्थी पालीगंज से जेडीयू के जयवर्धन यादव के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी. विद्यार्थी इस सीट से 2010 में विधायक चुनी गई थीं.


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here