उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर एआई जेनरेटेड और मॉर्फ्ड तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सपा सांसद ने आरोप लगाया कि उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी और मॉर्फ्ड तस्वीरें प्रसारित की गईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इस मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। समाजवादी पार्टी ने इसे महिला जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करने की साजिश बताया है, जबकि सोशल मीडिया पर भी AI तकनीक के दुरुपयोग और राजनीतिक मर्यादा को लेकर बहस तेज हो गई है।
पुलिस का कहना है कि वायरल तस्वीरों और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तस्वीरें कहां से बनाई और शेयर की गईं।


