- प्रदेश में खेल को बढ़ावा देने के लिए खेल विकास प्राधिकरण का गठन किया जाएगा
- नक्सल प्रभावित इलाके बस्तर में नए कॉलेज, हॉस्टल और स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोलने की घोषणा की गई
Dainik Bhaskar
Mar 03, 2020, 08:29 PM IST
रायपुर. मंगलवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल का दूसरा बजट पेश किया। बजट में युवाओं पर खास फोकस किया गया है। शिक्षा के साथ ही रोजगार के लिए भी कई नई योजनाओं की बजट में घोषणा की गई है। खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास भी किया गया है। इन सबके अलावा नक्सल प्रभावित इलाके बस्तर में नए कॉलेज, हॉस्टल और स्किल डेवलपमेंट सेंटर की शुरुआत की गई। जानिए युवाओं को इस बजट में क्या खास मिला-
उच्च शिक्षा:
सरकार ने बजट में 16 नए कॉलेज खोलने का प्रावधान किया है। इनमें बेमेतरा, जशपुर, धमतरी और अर्जुंदा, बालोद में हॉर्टीकल्चर कॉलेज और लोरमी में एग्रीकल्चर कॉलेज खोले जाएंगे। बेमेतरा और तखतपुर में डेयरी कॉलेज खोले जाएंगे। सुकमा के तोंगपाल और कुआकोंडा, दंतेवाड़ा में छात्रावास और नए कॉलेज शुरू होंगे। सुकमा, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर और तखतपुर में गर्ल्स कॉलेज शुरू होगा। धमतरी के कंडेल में महात्मा गांधी की याद में कॉलेज खोला जाएगा। इसके साथ ही, आईआईटी, आईआईएम और एम्स का एंट्रेस टेस्ट पास करने वाले युवाओं की पढ़ाई का खर्च सरकार उठाएगी।
कौशल विकास:
छात्र-छात्राओं के कौशल विकास के लिए करियर बेस्ड इंस्टीट्यूट शुरू किए जाएंगे। बजट में चिकित्सा महाविद्यालय में लैब और मशीनों के लिए 75 करोड़ का प्रावधान है। रायपुर स्थित इंदिरा गांधी एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में फूड टेक्नोलॉजी खोली जाएगी। मछली पालन के क्षेत्र में शिक्षा के लिए दुर्ग में फिशरीज पॉलिटेक्निक, औद्योगिक क्षेत्र सिरगिट्टी, नगरनार, तिल्दा में आईटीआई, दंतेवाड़ा में मल्टी स्किल सेंटर, तीन इंजीनियरिंग कॉलेजों और 5 पॉलीटेक्निक में इंटरनेट ऑफ थिंग्स और रोबोटिक्स की प्रयोगशालाएं बनेंगी।
स्कूल शिक्षा:
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ा रहे 16 हजार शिक्षकों का संविलियन करने की घोषणा की गई है। अर्थशास्त्री डॉ. बीएल सोनेकर ने बताया कि इससे शिक्षकों की आर्थिक परेशानी दूर होगी वे अपनी परफॉर्मेंस पर बेहतर काम कर पाएंगे। संत गुरु घासीदास की जन्मस्थली ग्राम गिरौदपुरी, बलौदाबाजार में गुरुकुल विद्यालय बनेगा। अनुसूचित जनजाति वर्ग के बच्चों के लिए 61 नए छात्रावास बनेंगे। 10 पोस्ट मैट्रिक छात्रावास शुरू किए जाएंगे। यहां रहकर बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।
खेल एवं कला:
रायपुर के बूढ़ापारा स्थित डे-भवन को स्वामी विवेकानंद स्मृति संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। राजीव युवा मितान हर गांव में बनेंगे, हर जिले में हर वर्ष युवा महोत्सव होगा, आदिवासी महोत्सव का भी आयोजन हर साल किया जाएगा। इससे युवा और आदिवासी कलाकारों को मंच मिलेगा। खेल विकास प्राधिकरण गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना में 25 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना में 10 करोड़ का प्रावधान किया गया है। दुर्ग, जगदलपुर और अंबिकापुर में इंडोर स्टेडियम और इसके साथ ही 11 नए ऑडिटोरियम बनाए जाएंगे।
रोजगार:
राज्य में शुरू होने वाले नए स्कूल कॉलेज और हॉस्टल रोजगार के अवसर लेकर आएंगे। पर्यटन के क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों से भी अवसर मिलेंगे। इनके अलावा अपना स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को उद्योगों के लिए आवंटित किए जाने वाली जमीन में 30 प्रतिशत और लीज रेंट की दर में 33 प्रतिशत की कमी की गई है। आदिवासी इलाकों जैसे बस्तर में उद्योग के लिए 4 करोड़ का अनुदान, फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना के लिए फूड पार्क बनेगा। इसके लिए 50 करोड़ का प्रावधान है। सरगुजा, बस्तर, कोरबा जिले के लिए जिला संवर्ग के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी पदों पर भर्ती के लिए विशेष कनिष्ठ कर्मचारी चयन बोर्ड का गठन किया गया है।
Source link

