- बीजापुर के पामेड़ इलाके में सोमवार को नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए थे
- घायल 6 जवानों में असिस्टेंट कमांडेंट की हालत गंभीर, सीआरपीएफ जवान अभी भी जंगल में
Dainik Bhaskar
Feb 11, 2020, 10:32 AM IST
रायपुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए जवानों विकास कुमार और पूर्णानंद साहू के शवों को मंगलवार को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद उनकी पार्थिव देह को गृहग्राम रवाना कर दिया गया। शहीद कांस्टेबल पूर्णानंद जहां राजनांदगांव के निवासी थे, वहीं विकास कुमार उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के रहने वाले थे। दोनों जवान सीआरपीएफ कोबरा बटालियन में कांस्टेबल के पद पर नियुक्त थे। पामेड़ के जंगलों में सोमवार को नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में दोनों जवान शहीद हो गए थे।
शहीद जवानों विकास कुमार और पूर्णानंद की पार्थिव देह रायपुर लाई गई थी। यहां माना चौथी बटालियन में मंगलवार को तिरंगे में लपटे उनके शवों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान डीजीपी डीएम अवस्थी सहित पुलिस और सीआरपीएफ के आला अधिकारी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि देने के बाद डीजीपी डीएम अवस्थी ने शहीद जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों ने बहादुरी के साथ नक्सलियों से लोहा लिया और उनका सामना किया है। हम शहीद जवानों को नमन करते हैं।
वहीं मुठभेड़ में घायल 6 जवानों में से असिस्टेंट कमांडेंट प्रशांत की हालत गंभीर बताई जा रही है। मुठभेड़ के दौरान गोली उनके पेट को चीरते हुए निकल गई। फिलहाल उनको उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया है और अस्पताल में उनका उपचार जारी है। दूसरी ओर मारे गए नक्सली की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। अभी तक इस संबंध में उच्चाधिकारियों की ओर से काेई जानकारी नहीं दी गई है। जवान अभी भी जंगल मंंे ही हैं। उनके लौटने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Source link


