Chhattisgarh News In Hindi : Bilaspur Atal Bihari Vajpayee University : Attendance scam in colleges, 210 students studying in two colleges simultaneously | अटल यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेजों में हाजिरी घोटाला, 210 छात्र दो कॉलेजों में एक साथ पढ़ रहे

  • परीक्षा विभाग ने मामला पकड़ा : दोनों कॉलेजों में 75% उपस्थिति, डिग्री निरस्त करवाने छात्रों को लिखा पत्र
  • छात्रों ने भी यूनिवर्सिटी में लगाई आरटीआई, पूछा- किस नियम के तहत एक साथ दो डिग्री नहीं ले सकते

Dainik Bhaskar

Feb 12, 2020, 09:54 AM IST

रामप्रताप सिंह। बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेजों में एडमिशन और उपस्थिति के नाम पर घोटाला चल रहा है। 210 ऐसे छात्रों का मामला सामने आया है, जो दो कॉलेजों में एक साथ पढ़ाई कर रहे हैं। दोनों कॉलेजों ने 75 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की है। कई ऐसे छात्र हैं, जिनका बिलासपुर के अलावा अन्य जिलों के कॉलेजों में एडमिशन है। यूनिवर्सिटी के परीक्षा विभाग ने छात्रों को एक कॉलेज से एडमिशन निरस्त कराने के लिए पत्र लिखा है। छात्रों ने अब यूनिवर्सिटी में आरटीआई लगाई है कि किस नियम से एक साथ दो डिग्री नहीं ले सकते हैं।

एक छात्र दो जिले के कॉलेज में कर रहा डिग्री व डिप्लोमा

  1. अटल यूनिवर्सिटी से संबद्ध 184 कॉलेज हैं। इन कॉलेजों में इस बार हर साल से ज्यादा 2 लाख छात्रों ने परीक्षा फार्म भरा है। इसमें से 1 लाख 76 हजार छात्र 4 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षा में बैठेंगे। अब ऐसे में यूनिवर्सिटी के शासकीय और प्राइवेट सभी कॉलेजों में पढ़ाई और उपस्थित के नाम पर जमकर घोटाला चल रहा है। शहर के ही जेपी वर्मा, सीएमडी, डीपी विप्र, डीएलएस, जीटीबी, शांति निकेतन, नलिनी प्रभा देव, मौलाना आजाद सहित अन्य कॉलेजों में एक साथ एक ही छात्र दो डिग्री, डिप्लोमा का कोर्स कर रहे हैं।

  2. छात्र श्यामशरण सीएमडी कॉलेज में एमए अर्थशास्त्र प्रथम और फाइनल भी पढ़ रहा है। छात्रा भाग्यश्री डीपी विप्र से एमकॉम और एसएस एजुकेशन काॅलेज से बीएड कर रही है। डीएलएस कॉलेज में छात्र शरद एमए राजनीति और डीपी विप्र से पीजीडीसीए, छात्र नवीन कॉलेज पाली से बीएससी और राजकौशल संस्थान से डीसीए। इसी तरह जेएलएन कॉलेज में एक ही छात्र बीएससी बायो और बीए दोनों की पढ़ाई कर रहा है। डीपी विप्र से छात्र एमए राजनीति शास्त्र और नलिनी प्रभा देव से सोशल साइंस पढ़ रहा है। शासकीय कॉलेज बरमकेला में एक ही छात्र बीकॉम और बीएससी बायो की पढ़ाई कर रहा है। 

  3. ऑनलाइन सिस्टम फेल 

    यूनिवर्सिटी ने एडमिशन, नामांकन और परीक्षा फार्म के लिए ऑनलाइन सिस्टम बनाया है। इसके बावजूद इन छात्रों ने एक ही नाम से दो कॉलेजों में फार्म भरकर एडमिशन भी ले लिया। नामांकन और परीक्षा फार्म भी भर दिए। अब परीक्षा विभाग के प्रदीप सिंह ने फार्म चेक करके पकड़ा है। सभी काॅलेजों में प्रायोगिक परीक्षा चल रही है। अब ऐसे में प्रतिदिन यूनिवर्सिटी में 15 से 20 छात्र प्रायोगिक परीक्षा का केंद्र बदलवाने पहुंच रहे हैं। छात्रों का कहना है कि प्रायोगिक परीक्षा का पता नहीं चला। यूनिवर्सिटी इन छात्रों की प्रायोगिक परीक्षा केंद्र भी बदल रही है।

  4. कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है 

    फार्म चेकिंग में मामला सामने आया है। इस संबद्ध में उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर कार्रवाई की जा रही है। सभी छात्रों का एक एडमिशन निरस्त किया जाएगा।

    डॉ. प्रवीण पाण्डेय, परीक्षा नियंत्रक,  अटल यूनिवर्सिटी 


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here