- दंतेवाड़ा के नकुलनार में दो दिन पहले किया था गोपनीय सैनिक का अपहरण, पोटाली कैंप में था तैनात
- अरबे गांव के पास सुबह मिला शव, बिना किसी को सूचना दिए गुरुवार शाम को ही कैंप से निकला था
Dainik Bhaskar
Feb 01, 2020, 11:15 AM IST
नकुलनार. छत्तीसगढ़ मेें हो रहे पंचायत चुनाव के बीच दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने गोपनीय सैनिक की गला रेत हत्या कर दी। उसका शव शनिवार सुबह अरबे गांव के पास सड़क पर पड़ा हुआ मिला। नक्सलियोें ने दो दिन पहले गोपनीय सैनिक को अगवा किया था। जवान पोटली कैंप में नियुक्त था और सरेंडर के बाद डीआरजी में उसकी भर्ती हुई थी। हत्या की पुष्टि एसपी अभिषेक पल्लव ने की है। हालांकि उसके डीआरजी जवान होने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पुलिस मुखबिरी में हत्या करने की आशंका, जवान के गायब होने की खबर पुलिस ने दबाई
-
जानकारी के मुताबिक, निलवाया निवासी मोहन भास्कर पोटाली कैंप में गोपनीय सैनिक के रूप में नियुक्त था। उसका शव शनिवार सुबह नकुलनार क्षेत्र के अरबे गांव के पास सड़क पर पड़ा मिला। उसकी गला रेतकर हत्या की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। बताया जा रहा है कि मोहन पोटाली कैंप से अक्सर शराब पीने गांव निकल जाता था। वह गुरुवार को भी बिना किसी को सूचना दिए कैंप से निकल गया था।
-
जवान मोहन के गायब होने की जानकारी गुरुवार शाम को ही कैंप में होने वाली गणना के दौरान लग गई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन इसे छिपाए रखा गया। इसके बाद शनिवार सुबह गोपनीय सैनिक मोहन का शव मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ। आशंका जताई जा रही है कि जवान की हत्या पुलिस मुखबिरी के संदेह में की गई है। वहीं यह बात भी सामने आ रही है कि सैनिक पूर्व नक्सली था और सरेंडर करने के बाद उसे डीआरजी में भर्ती किया गया था।
Source link