- पोटाली इलाके के 10 गांवों में 20 साल बाद पहली बार मतदान हो रहा, 3 गांव में पोलिंग बूथ बनाए गए
- अरबे, पोटाली, मड़कामीरास में बूथ बनाया गया, पहले 15 किमी दूर अरनपुर या समेली में बनाया जाता था
Feb 03, 2020, 01:24 PM IST
दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आखिरी चरण में बस्तर समेत 27 जिलों के 53 विकासखंडों में सोमवार को मतदान जारी है। ऐसे में दंतेवाड़ा का आखिरी ब्लॉक और धुर नक्सल प्रभावित कुआकोंडा में भी मतदान हो रहा है। यहां के पोटाली इलाके के 10 गांवों में 20 साल बाद लोग वोटिंग कर रहे हैं। इसके लिए राज्य बनने के बाद पहली बार तीन गांव अरबे, पोटाली और मड़कामीरास में बूथ बनाए गए हैं। इससे पहले 10 से 15 किमी दूर अरनपुर और समेली में बूथ बनते थे, जहां ग्रामीण न के बराबर पहुंचते।
पोटाली : जहां गोपनीय सैनिक की हत्या और आईईडी ब्लास्ट हुआ, वहां मतदान का उत्साह
-
पोटाली इलाके में पहले जीरो मतदान रहता था। विधानसभा चुनाव के दौरान भी सिर्फ 1 या 2 प्रतिशत ही वोेट पड़े। इसी इलाके में चुनाव से ठीक दो दिन पहले नक्सलियों ने एक गोपनीय सैनिक की हत्या कर दी। रविवार को आईईडी ब्लास्ट किया। वहां मतदान को लेकर उत्साह है। पोटाली कैंप खुलने के बाद यहां पक्की सड़क बनी, राशन दुकान खुली, तिरंगा फहराया गया। ऐसे में जहां नक्सलियों के चुनाव विरोधी बैनर, पोस्टर के चलते कोई प्रचार करने नहीं जाता था। वहां इस बार चुनावी प्रचार के बैनर, पोस्टर अटे पड़े हैं।
-
कुआकोंडा ब्लॉक से सबसे ज्यााद 14 पोलिंग बूथ किए गए हैं शिफ्ट
कुआकोंडा ब्लॉक से सबसे ज़्यादा 14 पोलिंग बूथों को शिफ्ट किया गया है। इसमें हिरोली के दो, कुटरेम का एक व गुमियापाल के 3 पोलिंग बूथों को मड़कामीरास में, जबेली के दो, रेवाली के दो बूथों को अरबे में, नीलावाया को पोटाली, तनेली, नहाड़ी, ककाड़ी, मुलेर को अरनपुर में शिफ्ट किया गया है। अरबे को पहली बार ग्राम पंचायत बनाया गया है। इससे पहले यह नीलावाया का आश्रित गांव था। जिन गांवों में पहली बार मतदान हो रहा है उसमें नीलावाया, बुरगुम, पोटाली, अरबे, मड़कामीरास, हिरोली, रेवाली, बर्रेम, नहाड़ी, जबेली शामिल हैं।
-
जवानों ने ग्रामीणों का भरासो जीता, पोटाली कैंप में बनाए गए हैं 6 बूथ
इस बार पोटाली के कैंप में 6 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। यहां पोटाली के अलावा बुरगुम व नीलावाया के ग्रामीण वोट देने जाएंगे। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा कहते हैं कि मतदाताओं में लोकतंत्र के प्रति विश्वास जगा है। इस इलाके में अच्छी वोटिंग होगी पूरी उम्मीद है। वहीं एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि पोटाली में कैंप खुलने के बाद ग्रामीणों का फोर्स व प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा है। सुरक्षा को लेकर भी पुख्ता प्रबंध हैं।