Chhattisgarh News In Hindi : Dhamtari News – chhattisgarh news 77 board exam papers given to the central heads | 77 केंद्राध्यक्षों को दिए गए बोर्ड परीक्षा के प्रश्न-पत्र


माध्यमिक शिक्षा मंडल और जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सुरक्षा के साथ शनिवार को बोर्ड परीक्षा सामग्री वितरण की। 10वीं, 12वीं के लिए जिले में बने 77 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों को शासकीय कन्या उमावि से वितरण हुआ। शिक्षा विभाग से सामग्री लेने के बाद केंद्राध्यक्षों ने सहयोगी शिक्षकों के साथ बंडलों का मिलान किया। केंद्राध्यक्षों ने सुरक्षा के बीच प्रश्न प्रत्रों को 13 थानों में जमा कराया। अकलाडोंगरी केंद्र का प्रश्न पत्र चारामा थाना और मोहेरा का गरियाबंद थाना में जमा किया गया, क्योंकि यह थाना संबंधित परीक्षा केंद्रों से नजदीक है।

इस साल जिले के 77 केंद्रों में बोर्ड परीक्षा होगी। बोर्ड में कुल 22 हजार 650 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। 10वीं में 12 हजार 812 और 12वीं में 9 हजार 838 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बीते साल 76 केंद्र थे। इस साल केरेगांव शासकीय उमावि को नया परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

6 बस, 3 जीप से भेजी गई गोपनीय सामग्री

सहायक संचालक डॉ. आरएस मिश्रा ने बताया कि दूरस्थ केंद्रों में गोपनीय सामग्री भेजने के लिए 6 बस व 3 जीप की व्यवस्था की गई थी। साथ ही प्रत्येक वाहन में पुलिस के 2-2 सशस्त्र जवानों को तैनात थे। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को उत्तर पुस्तिका का वितरण केंद्राध्यक्षकों को किया जाएगा।

2 मार्च से 12वीं, 3 से 10वीं की परीक्षा

इस बार 12वीं की परीक्षा 2 मार्च और 10वीं की 3 मार्च से शुरू होगी। 12वीं व्यावसायिक की परीक्षा 2 मार्च से प्रारंभ होगी, जो 30 मार्च तक चलेगा। 12वीं और 10वीं के छात्रों का पहला पेपर भाषा है। सीजी बोर्ड द्वारा जारी टाइम टेबल के तहत 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12.30 तक होगी।

परीक्षा हॉल में आधे घंटे पहले पहुंचना होगा

बोर्ड के छात्र-छात्राओं को सुबह 9 बजे परीक्षा हॉल में पहुंचना होगा। इसी समय उन्हें उत्तर पुस्तिका व प्रश्न पत्र का वितरण होगा। 9.15 बजे से परीक्षार्थी पर्चा बनाना शुरू करेंगे। 12.15 बजे पर्चे का समय खत्म हो जाएगा। परीक्षा केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश है कि वे उसी समय पर्चों का बंडल संबंधित थाने या सीधे समन्वयक केंद्र में जमा करें।

धमतरी। शासकीय कन्या उमावि में बोर्ड परीक्षा के लिए गोपनीय सामग्रियों का वितरण केंद्राध्यक्षों को हुआ।


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here