Chhattisgarh News In Hindi : Farmers held managers and patwaris hostage for tokens | टोकन को लेकर किसानों ने प्रबंधक और पटवारियों को बनाया बंधक

  • किसनों ने कहा- परेशान करने के लिए अधिकारी जान-बूझकर धीमी गति से से खरीदी कर रहे
  • सोसायटी के लिए तय लक्ष्य 48 हजार क्विंटल था, महज 21,998 क्विंटल ही धान खरीदा गया

Dainik Bhaskar

Feb 13, 2020, 01:04 AM IST

बोड़ला. तरेगांव मैदान केंद्र में बुधवार को धान खरीदी के लिए टोकन जारी न होने से नाराज किसानों ने जमकर हंगामा किया। नाराज किसानों ने समिति प्रबंधक व पटवारियों को बंधक बना लिया। आरोप लगाते हुए किसानों ने कहा कि समिति प्रबंधक व नोडल अधिकारी गीतू वर्मा किसानों को परेशान करने के लिए जान-बूझकर धीमी गति से खरीदी कर रहे हैं। 

किसानों के मुताबिक इस सोसाइटी में 1 हजार किसान पंजीकृत हैं। इसमें 689 किसान एक बार ही धान बेच पाए हैं। सोसायटी में तय लक्ष्य 48 हजार क्विंटल के विरुद्ध महज 21,998 क्विंटल ही धान खरीदी किया गया है। इसे लेकर क्षेत्र के 100 से अधिक किसान बुधवार को प्रदर्शन करते हुए समिति प्रबंधक रोहित वर्मा, पटवारी शांति नागवंशी व नारायण लाल रावटे को बंधक बना लिया। करीब 4 घंटे तक बंधक बने रहने के बाद राजस्व विभाग, पुलिस और एसडीएम के प्रतिनिधि बोड़ला तहसीलदार मनीष वर्मा सोसायटी पहुंचे। इस दौरान किसानाें ने छत्तीसगढ़ी लहजे में कहा कि तुहर मेर बोरा नइ हे, त हम लाके देबो.. लेबर के कमी हे त बोरा हम सीलके देबो। 

फड़ के कमी होही, त हम पाल-पर्दा बांध के जगह देबो, फेर तुमन धान तो खरीदौ
किसानों ने बताई समस्या, कहा- भले ही धान 2 महीने बाद खरीदी हो पर टोकन तत्काल जारी करें : किसानों ने कहा कि उनका धान 2 महीने बाद भले ही खरीदी हो, लेकिन टोकन सारे किसानों को तत्काल जारी करें। तहसीलदार को समस्या से अवगत कराते हुए कहा कि जिन किसानों को 25 से 30 क्विंटल धान बेचना है, उन्हें सिर्फ 20 क्विंटल का टोकन दिया है। ऐसे में किसानों का 5 से 10 क्विंटल धान वे दोबारा कब बेचेंगे। सोसाइटी में बारदाने की कमी है।इसके कारण भी धान खरीदी प्रभावित हो रही है। किसान रमेश चंद्रवंशी, चरण वर्मा, खगेश चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में किसानों ने तहसीलदार को तत्काल टोकन जारी कराने मांग की। तहसीलदार मनीष वर्मा ने बुधवार व गुरुवार तक शेष छोटे- बड़े सभी किसानों को टोकन जारी करने के निर्देश दिए हैं। 

बोड़ला धान खरीदी केंद्र में भी बारदाना खत्म, 2 दिन से खरीदी बंद

आदिम जाति सेवा सहकारी समिति बोड़ला में भी मंगलवार से बारदाना खत्म हो गया है। इसके चलते यहां भी धान खरीदी बंद है। यहां भी 1011 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से 671 किसानों की धान खरीदी की गई है। शेष 340 किसान अब भी धान बेचने से वंचित हैं। बोड़ला में 37,207 क्विंटल धान खरीदी करने का लक्ष्य है। इसमें अब तक 18,210 क्विंटल धान ही खरीदा जा सका है। बारदाने की अभाव में 2 दिन से यहां खरीदी बंद है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने अपनी समस्याओं को बताते हुए कहा कि किसान आज कर्ज से परेशान हैं। 


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here