Chhattisgarh News In Hindi : Rajya Sabha Elections: Polls to Chhattisgarh Two Seats on March 26 | छत्तीसगढ़ मेंं दो सीटों लिए 26 मार्च को होगा मतदान, कांग्रेस के खाते में जा सकती है दोनों सीटें

  • 6 मार्च से 13 मार्च तक होगी नामांकन प्रक्रिया, बैलेट पेपर से हाेगा मतदान, 26 को ही परिणामों की घोषणा
  • वर्ष 2014 में जीते कांग्रेस से मोतीलाल वोरा और भाजपा के रणविजय सिंह जूदेव का कार्यकाल हो रहा खत्म

Dainik Bhaskar

Feb 25, 2020, 03:31 PM IST

रायपुर. राज्यसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी है। छत्तीसगढ़ की दो सीटों के साथ ही अलग-अलग राज्यों की 55 सीटों के लिए 26 मार्च को मतदान बैलेट पेपर से होगा। इसी दिन परिणामों की घोषणा भी कर दी जाएगी। नामांकन प्रक्रिया 6 मार्च से शुरू होगी और 13 मार्च तक चलेगी। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए पांच सीटें हैं। इनमें से दो सीटों पर कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा है। कांग्रेस मेें इस बार प्रियंका गांधी के नाम की चर्चा जोरों पर है। उनके नाम को खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रस्तावित किया है। 

विधानसभा में सदस्यों की संख्या देख मतदान की संभावना कम
छत्तीसगढ़ विधानसभा में सदस्यों की संख्या को देखते हुए राज्य में मतदान की संभावना बहुत कम है। विधानसभा में सदस्यों की संख्या के लिहाज से इस बार एक सीट पर भी भाजपा की जीत मुश्किल दिख रही है। प्रदेश में 15 सालों तक सत्ता में रही भाजपा बहुमत के आधार पर तीन सीटों पर कब्जा करती रही, जबकि दो सीटों से लगातार कांग्रेस के प्रतिनिधियांें को भेजा जाता रहा है। इस बार विधानसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या इतनी नहीं है कि वो एक सीट भी बचा सके। ऐसे मेें बाकी तीनों सीटें भी भाजपा के हाथ से जा सकती हैं। 

छत्तीसगढ़ में राज्यसभा के लिए दो सीट 9 अप्रैल को खाली हो रही है। इनमें से एक सीट कांग्रेस के मोतीलाल वोरा और दूसरी भाजपा के रणविजय सिंह जूदेव की है। वहीं जून 2022 में दो सीट फिर रिक्त होंगी। इसमें भाजपा और कांग्रेस के पास एक-एक सीट है। भाजपा के हिस्से वाली पांचवीं सीट अप्रैल 2024 में खाली होगी। राज्यसभा का सदस्य चुनने के लिए विधायक मतदान करते हैं। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 69 सदस्य हैं। वहीं, भाजपा के 14, बसपा के दो और जकांछ के पांच सदस्य हैं।

कांग्रेस से इन दावेदारों के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में

  1. प्रियंका गांधी : कांग्रेस की महासचिव, गांधी परिवार की बेटी का नाम इनमें सबसे ज्यादा चर्चा में चल रहा है। प्रियंका को राज्यसभा में भेजने के लिए छत्तीसगढ़ के साथ ही मध्य प्रदेश में भी जोर आजमाइश चल रही है। इसका कारण वे जहां से भी राज्यसभा में जाएंगी, उसकी दिल्ली दरबार में हनक बढ़ेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ टीएस सिंहदेव और मोहन मरकाम ने स्वयं उनके नाम का प्रस्ताव दिल्ली में रखा है। 
  2. गिरीश देवांगन : गिरीश देवांगन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गुरू के पुत्र हैं। साथ ही बचपन के मित्र भी। फिलहाल गिरीश के पास संगठन में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी है। प्रदेश में उनका कद पीसीसी चीफ के बाद बहुत मजबूत है। 
  3. करुणा शुक्ला : पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला भी राज्यसभा में जाने की बड़ी दावेदार हैं। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आने के बाद से वे पार्टी के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। चुनाव के दौरान बूथ मैनेजमेंट की जिम्मेदारी पूरी तरह से उनके पास थी। जिसका बड़ा फायदा कांग्रेस को मिला। फिलहाल वे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की करीबी और विश्वासपात्र भी हैं। कांग्रेस उनको राज्यसभा में भेजकर भाजपा के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है। 
  4. मोतीलाल वोरा : वर्तमान राज्यभा सांसद मोतीलाल वोरा का नाम राज्यसभा के लिए सबसे अव्वल नंबर पर है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। कांग्रेस उन्हें किसी भी हालत में नाराज नहीं करना चाहती है। ऐसे में अगर वे स्वयं ही इनकार कर दें तो अलग बात है, नहीं तो उनकी दावेदारी पक्की मानी जा रही है। 

छत्तीसगढ़ के राज्यसभा सदस्य

सांसद पार्टी कार्यकाल से कार्यकाल तक
मोतीलाल वोरा  कांग्रेस 10 अप्रैल 2014  09 अप्रैल 2020
रणविजय सिंह जूदेव भाजपा  10 अप्रैल 2014 09 अप्रैल 2020
रामविचार नेताम भाजपा 30 जून 2016 9 जून 2022 
छाया वर्मा कांग्रेस 30 जून 2016 29 जून 2022 
सरोज पांडेय भाजपा 03 अप्रैल 2018 2 अप्रैल 2024

           
राज्यसभा चुनाव को लेकर कार्यक्रम           

  • राज्यसभा के लिए चुनाव कार्यक्रम
  • नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि- 13 मार्च
  • नामांकन पत्रों की जांच- 16 मार्च
  • नाम वापसी की तारीख- 18 मार्च
  • मतदान की तारीख 26 मार्च
  • मतदान का समय- सुबह नौ से शाम पांच बजे
  • मतगणना- 26 मार्च को शाम पांच बजे से

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here