Chhattisgarh News In Hindi : weather changed again on Friday in Jharkhand and Chhattisgarh Fog and clouds were in place in Ranchi and raipur | झारखंड में बूंदाबांदी ने बढ़ाई ठंड, आज भी बारिश के आसार, छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे से झमाझम

  • रांची का तापमान 7 डिग्री गिरा, कल से फिर 2 दिन चलेगी शीतलहर
  • रायपुर और दुर्ग में कड़ाके की ठंड बारिश-कोहरे से फ्लाइट प्रभावित

Dainik Bhaskar

Feb 08, 2020, 10:47 AM IST

रांची/रायपुर. झारखंड और छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को फिर मौसम बदल गया। रांची में सुबह से ही कोहरा और बादल छाए रहे। दोपहर बाद अधिकतर जिलों में बूंदाबांदी शुरू हो गई। इससे अधिकतम तापमान में 7 डिग्री तक गिरावट आई। 24 घंटे में रायपुर और दुर्ग संभाग में सुबह से रात तक अच्छी बारिश हो गई। पिछले 24 घंटे में माना एयरपोर्ट पर 4 सेमी (लगभग पौने 2 इंच) पानी बरस गया। रायपुर के अलावा दुर्ग और बिलासपुर संभाग में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है।

रांची: न्यूनतम तापमान गिरेगा, ठंड बढ़ेगी
रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री था, जो गिरकर 16.2 डिग्री पर पहुंच गया। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से झारखंड में बादल छाए हैं और बारिश हो रही है। शनिवार को भी रांची, बोकारो, धनबाद, पलामू और गढ़वा सहित अन्य जिलों में छिटपुट बारिश होने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि बादल छंटने के बाद 9 फरवरी से ठंड फिर बढ़ जाएगी। दो दिनों तक शीतलहर चलेगी। न्यूनतम तापमान गिरकर 8 डिग्री तक पहुंच सकता है।

जमशेदपुर: ठंड से महिला की मौत
बिरसानगर बस्ती में गुरुवार रात ठंड लगने से 40 साल की एक महिला की मौत हो गई। महिला भीख मांगकर गुजारा करती थी। उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

छत्तीसगढ़: देर रात से लगातार बारिश जारी, धुंध और कोहरे में लिपटा प्रदेश

राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लगातार बारिश ने मौसम बदल दिया है। गुरुवार से जारी बारिश का सिलसिला दो दिन बाद शनिवार को भी नहीं थमा। शुक्रवार दोपहर में बारिश जरूर कम हुई, लेकिन बूंदाबांदी लगातार होती रही और पूरी रात फिर इसने तेज बारिश का रूप ले लिया। शनिवार को सुबह 9 बजे बारिश थमी जरूर, लेकिन धुंध और कोहरे में प्रदेश लिपटा हुआ है। इसका असर एक ओर जहां उड़ानों पर पड़ रहा है, वहीं अचानक आए इस मौसम में बदलाव के कारण मरीजों की संख्या भी अस्पताल में बढ़ रही है। मौसम और वायरल के खतरे को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। सभी जगह तापमान सामान्य से 8 से 11 डिग्री तक कम है।

खैरागढ़ में सबसे ज्यादा 50 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। खैरागढ़ में सबसे ज्यादा 50 मिमी (2 इंच) बारिश हो गई। माना, आरंग, धमधा, बेरला में 40 मिमी पानी बरसा। सिमगा, गुंडरदेही, दुर्ग में 30, रायपुर, महासमुंद, बेमेतरा, पाटन, बसना, तिल्दा, लाभांडी, थानखम्हरिया में 20 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार को दिन में बिलासपुर में 15.4 मिमी बारिश हुई। शनिवार को सुबह उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ पॉकेट में हल्की बारिश हो सकती है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में घना कोहरा रहेगा। रायपुर में हल्के बादल रहेंगे। दिन का तापमान थोड़ा बढ़कर 22 डिग्री और रात में पारा 15 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

कारण: बंगाल की खाड़ी में बने दबाव से बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में निम्न क्षेत्र का दबाव बना हुआ है। इससे झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के अधिकतर हिस्सों में मौसम बदला है। बादल छाए हुए हैं। बारिश हो रही है।

आगे क्या: 9 से 15 फरवरी तक साफ रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 9 से 15 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। बादल छाने या बारिश की कोई संभावना नहीं है। लेकिन सुबह में ठंड बढ़ेगी।

आज कहां कैसा रहा पारा

शहर अधिकतम न्यूनतम तापमान
रांची 16.20 डिग्री 9.80 डिग्री
कांके 15.50 डिग्री 8.90 डिग्री
जमशेदपुर 18.50 डिग्री 15.70 डिग्री
डालटनगंज 19.40 डिग्री 9.90 डिग्री

*15.5 डिग्री कांके का अधिकतम तापमान रहा

रांची में अगले 4 दिन का तापमान

तारीख

अधिकतम न्यूनतम
8 फरवरी 20 डिग्री 09 डिग्री
9 फरवरी 22 डिग्री 08 डिग्री
10 फरवरी 23 डिग्री 09 डिग्री
11 फरवरी 24 डिग्री 10 डिग्री

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here