खाना पसंद नहीं आया तो चाकू से हमला, भोजनालय मालिक गंभीर- दीपक कांकर रायसेन

रायसेन जिले के बेगमगंज से सनसनीखेज मामला सामने आया है। नया बस स्टैंड स्थित स्वागत लॉज एवं भोजनालय में खाना पसंद नहीं आने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने भोजनालय संचालक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रायसेन रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना रविवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, कुछ युवक नया बस स्टैंड स्थित स्वागत लॉज एवं भोजनालय पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में थे। खाना खाने के बाद भोजन को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान निमेष शर्मा ने भोजनालय के संचालक राकेश उर्फ कल्लू नेमा के साथ मारपीट की और किचन से धारदार छुरी उठाकर उन पर हमला कर दिया। हमले में राकेश नेमा के सिर, माथे, गले और हाथ सहित शरीर पर कई घाव आए हैं।

हमले के बाद राकेश गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। शोर सुनकर उनके भाई जगदीश मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल बेगमगंज पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रायसेन रेफर कर दिया।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी निमेष शर्मा और छुटकी शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

फिलहाल घायल भोजनालय संचालक का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस आरोपियों से जुड़े घटनाक्रम और विवाद के कारणों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here